हिमाचल के चंबा में बड़ा हादसा, पहाड़ी से गिरी चट्टानों ने ली 13 लोगों की जान
चंबा और लाहौल-स्पीति जिले की सीमा पर पांगी-उदयपुर मार्ग के कड़ू नाला के पास शुक्रवार को भीषण हादसा हो गया। एक टाटा सूमो पर अचानक पहाड़ी से भारी चट्टानें गिरने से वाहन पूरी तरह दब गया। हादसे में 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
लाहौल-स्पीति पुलिस के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब वाहन पांगी-उदयपुर मार्ग से गुजर रहा था। अचानक पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर गिरने लगे और वाहन उनकी चपेट में आ गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सभी मृतक चंबा जिले की पांगी घाटी के निवासी हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रशासन से राहत एवं बचाव कार्य तेज करने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
#HimachalPradesh #Chamba #Landslide #BreakingNews #IndiaNews
