September 4, 2026

बैतूल जिले की प्रमुख खबरें 03/09/26

0
Post no. 0_20260903_202628_0000.jpg

1. बैतूल जिले में इस बार बारिश का आंकड़ा पिछले साल से 211 मिलीमीटर पीछे है। 3 सितंबर तक जिले में औसतन 601.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है, जबकि सामान्य औसत से करीब 45 प्रतिशत कमी बनी हुई है। चिचोली सबसे आगे और आठनेर में सबसे कम बारिश दर्ज की गई है।

2. धाराखोह और मरामझिरी के बीच चलती बेंगलुरु एक्सप्रेस से गिरने पर 22 वर्षीय मनीष यादव की मौत हो गई। वह अपने दोस्त के साथ बक्सर से पुणे जा रहा था। जीआरपी ने शव को बैतूल पहुंचाकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।

3. बैतूल के गंज थाना क्षेत्र में देवेन्द्र उर्फ डिब्बी की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा किया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार हैं। सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।

4. मुलताई के ताप्ती उद्गम क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर पालिका, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम को न्यायालय के स्थगन आदेश के बाद कार्रवाई रोकनी पड़ी। मामले में सभी पक्षों की अगली सुनवाई 10 सितंबर को होगी।

5. मध्यप्रदेश में चीनी डीलरों के लिए स्टॉक की सीमा तय कर दी गई है। अब कोई डीलर चार हजार क्विंटल से अधिक चीनी नहीं रख सकेगा और 30 दिन से ज्यादा समय तक स्टॉक भी नहीं कर पाएगा। स्टॉक की जानकारी पोर्टल पर अपडेट करना अनिवार्य होगा।

6. दक्षिण बैतूल वनमंडल में अवैध लकड़ी के खिलाफ कार्रवाई जारी है। चिखली में वन विभाग की टीम ने एक मकान से सात नग अवैध सागौन जब्त किया, जिसकी मात्रा 0.169 घन मीटर और अनुमानित कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है।

7. बैतूल बाजार कृषि विज्ञान केंद्र में कृषक वैज्ञानिक परिचर्चा आयोजित हुई, जिसमें करीब 150 महिला और पुरुष किसानों ने हिस्सा लिया। किसानों को प्राकृतिक खेती, फसल प्रबंधन, कीट नियंत्रण, पशुपालन और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई।

8. गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर समरसता कलश यात्रा चिरापाटला से शुरू होकर चिचोली पहुंची। यात्रा के माध्यम से समानता, सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश दिया जा रहा है।

9. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने प्रदेशवासियों व पार्टी कार्यकर्ताओं को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के सत्य, धर्म, न्याय, शांति और भाईचारे के संदेश को जीवन में अपनाने की अपील की।

10. केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने बीएसएनएल अधिकारियों को बैतूल जिले में नेटवर्क व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। खासकर ग्रामीण अंचलों में जहां नेटवर्क की सुविधा नहीं है, वहां तत्काल नेटवर्क उपलब्ध कराने को कहा।

#BetulNews #MadhyaPradeshNews #BetulDistrict #BSNL #taptisamanvya

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *