नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बीच एक ऐसा रेस्क्यू ऑपरेशन सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। त्रिशूली–3 ए हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की सुरंग के अंदर फंसे दो कर्मचारियों को नौ दिन बाद जिंदा और सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इनमें संजय साह और कविर महर्जन शामिल हैं। रेस्क्यू के बाद दोनों को मेडिकल निगरानी में रखा गया है।
संजय साह ने बताया कि बाढ़ का खतरा सामने आते ही उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश शुरू कर दी। उस समय पावर हाउस में करीब 40 से 45 लोग मौजूद थे। सभी को बाहर निकालने की कोशिश के दौरान उनके पास उपलब्ध समय खत्म हो गया और अचानक तेज रफ्तार से पानी सुरंग के भीतर घुस आया।
पानी के तेज बहाव के कारण बाहर निकलने के रास्ते बंद हो गए और कई कर्मचारी सुरंग के अंदर ही फंस गए। संजय के आसपास करीब छह लोग थे, जिनसे वे लगातार संपर्क में बने रहे। सबसे मुश्किल दौर तब था, जब बिना भोजन और पानी के नौ दिन गुजारने पड़े।
संजय ने बताया कि इस दौरान उन्होंने और उनके साथियों ने हिम्मत नहीं छोड़ी। वे लगातार महामंत्र का जाप करते रहे और सुरक्षित बाहर निकलने की प्रार्थना करते रहे। नौ दिन बाद जब आखिरकार उन्हें सुरंग से बाहर निकाला गया, तो उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे उन्हें जिंदगी दोबारा मिल गई हो। यह रेस्क्यू नेपाल की इस त्रासदी के बीच उम्मीद और हिम्मत की बेहद भावुक कहानी बन गया है।
#NepalFlood #TrishuliHydropower #RescueOperation #MiracleRescue #taptisamanvya