पुणे में दही हांडी के बाद हादसा, लोहे का ढांचा गिरने से महिला की मौत
पुणे के ओल्ड सांगवी इलाके में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित दही हांडी कार्यक्रम के बाद दर्दनाक हादसा हो गया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद आयोजन स्थल पर लगाए गए अस्थायी लोहे के ढांचे और पंडाल को हटाने का काम चल रहा था। इसी दौरान लोहे के ढांचे का भारी हिस्सा अचानक नीचे गिर गया और वहां मौजूद 45 वर्षीय सलमा सलाउद्दीन पठान इसकी चपेट में आ गईं।
हादसे में महिला के सिर पर गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि दही हांडी कार्यक्रम का आयोजन विघ्नहर्ता मंडल की ओर से किया गया था और मृतका का बेटा भी आयोजन समिति से जुड़ा हुआ था।
घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल बन गया। परिवार की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। इसके बाद पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों के साथ-साथ कार्यक्रम के बाद ढांचे को हटाने के दौरान अपनाई गई सुरक्षा व्यवस्था की भी जानकारी जुटा रही है।
#PuneNews #DahiHandi #PuneAccident #Janmashtami #taptisamanvya
