September 14, 2026

हरतालिका तीज पर ताप्ती उद्गम में उमड़ी महिलाओं की भीड़

0
Post no. 0

मुलताई स्थित मां ताप्ती के पवित्र उद्गम स्थल पर हरतालिका तीज के अवसर पर आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। पर्व की परंपरा के अनुसार बड़ी संख्या में महिलाएं तड़के सुबह से ही उद्गम स्थल पहुंचने लगीं। करीब 5 बजे से शुरू हुआ महिलाओं के पहुंचने का सिलसिला कुछ ही देर में हजारों की भीड़ में बदल गया।

पूजन का शुभ मुहूर्त सुबह 7 बजे तक ही होने के कारण महिलाओं ने समय से पहले पहुंचकर गौर निकाला और विधि-विधान से मां ताप्ती की पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने मां ताप्ती के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगल की कामना की। पूरे उद्गम स्थल पर सुबह से ही भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा।

इस बार हरतालिका तीज का पर्व इसलिए भी खास रहा, क्योंकि लगातार बारिश के बाद मां ताप्ती का उद्गम स्थल ओवरफ्लो हो रहा था। कुंड से बाहर निकलती मां ताप्ती की जलधारा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण बनी रही। महिलाओं ने पूजा के साथ इस मनमोहक दृश्य को भी अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया।

उद्गम स्थल पर उमड़ी महिलाओं की भारी भीड़ और बहती मां ताप्ती की जलधारा ने पर्व की भव्यता को और बढ़ा दिया। मां ताप्ती के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया और श्रद्धालुओं के लिए हरतालिका तीज का यह अवसर यादगार बन गया।

#Multai #HartalikaTeej #MaaTapti #TaptiUdgam #BetulNews #TeejFestival #WomenDevotees #taptisamanvya

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *