दूध का टैंकर पलटा तो हाईवे पर मची ‘दूध की लूट’, बोतल-बाल्टी लेकर दौड़े लोग!
महाराष्ट्र के पालघर जिले में सोमवार दोपहर मुंबई-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर दूध से भरा टैंकर पलटने के बाद अजीबोगरीब नजारा देखने को मिला। हादसा डहाणू तालुका के तवा गांव के पास करीब 3 बजे हुआ, जब टैंकर मुंबई की ओर जा रहा था।
बताया जा रहा है कि चालक के वाहन से नियंत्रण खोने के बाद टैंकर सड़क पर पलट गया। टैंकर के पलटते ही उसमें भरा दूध हाईवे पर बहने लगा और सड़क का एक हिस्सा दूध से भर गया। दूध बहता देखकर आसपास के स्थानीय लोग और वहां से गुजर रहे वाहन चालक मौके पर जमा हो गए।
कुछ ही देर में कई लोग बोतल, बाल्टी और दूसरे बर्तनों में सड़क पर बह रहा दूध भरते नजर आए। हादसे का यह नजारा देखकर मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। दुर्घटना में टैंकर चालक को मामूली चोट आई, जबकि किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई।
टैंकर पलटने के कारण मुंबई की ओर जाने वाले मार्ग पर कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य के साथ ट्रैफिक व्यवस्था संभाली। बाद में क्षतिग्रस्त टैंकर को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो गया।
#PalgharNews #MumbaiAhmedabadHighway #TankerAccident #MilkTanker #Dahanu #TawaVillage #ViralVideo #taptisamanvya
