तेज बहाव में बहा 4 दिन का नन्हा हाथी, मछुआरों ने बचाकर मां से कराया मिलन
पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में तीस्ता नदी में बहकर करीब चार किलोमीटर दूर पहुंचे एक नन्हे हाथी को स्थानीय मछुआरों और वन विभाग की टीम ने सुरक्षित बचा लिया। घटना बैकुंठपुर वन प्रभाग के मालबाजार क्षेत्र में शुक्रवार सुबह हुई।
वन विभाग के अनुसार, हाथियों का झुंड गजोलडोबा बैराज के पास तीस्ता नदी पार करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान महज तीन से चार दिन का हाथी का बच्चा अपनी मां से अलग होकर तेज बहाव में बह गया। कुछ दूरी पर मछुआरों ने उसे डूबते हुए देखा और छोटी नाव से तुरंत उसके पास पहुंचे।
रेस्क्यू के बाद वन विभाग ने पशु चिकित्सक से बच्चे की जांच कराई। जांच में उसके शरीर पर कोई गंभीर चोट नहीं मिली। इसके बाद अधिकारियों ने उसे जल्द ही उसकी मां तक पहुंचाया, क्योंकि लंबे समय तक इंसानी संपर्क रहने से मां के बच्चे को स्वीकार न करने का खतरा था।
राहत की बात रही कि मां ने नन्हे हाथी को पहचान लिया, उसे दूध पिलाया और वापस अपने झुंड में स्वीकार कर लिया। मछुआरों की तत्परता और वन विभाग की कार्रवाई से नन्हे हाथी की जान बच गई और उसका अपनी मां से फिर मिलन हो गया।
#JalpaiguriNews #WestBengal #TeestaRiver #ElephantRescue #BabyElephant #ForestDepartment #WildlifeRescue #taptisamanvya
