असम में नदी पार कर स्कूल जाते बच्चे, पक्के पुल का वर्षों से इंतजार
असम के धेमाजी जिले के जोनाई क्षेत्र के चेंगाजन गोवाला गांव से बच्चों की मुश्किल भरी स्कूली यात्रा का वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। गांव के आसपास लाली और बुड़ी सौती नदियों पर स्थायी पुल नहीं होने के कारण स्कूली बच्चों को रोज नाव के सहारे नदी पार करके स्कूल जाना पड़ता है।
ग्रामीणों के मुताबिक, सामान्य दिनों में तो बच्चे किसी तरह नाव से नदी पार कर लेते हैं, लेकिन बारिश और मानसून के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने पर उनकी मुश्किल कई गुना बढ़ जाती है। तेज बहाव और बढ़ते पानी के बीच छोटी नाव से सफर करना बच्चों के लिए जोखिम भरा हो जाता है। कई बार हालात ज्यादा खराब होने पर बच्चों को स्कूल नहीं भेजा जाता, जिससे उनकी पढ़ाई भी प्रभावित होती है।
पुल की कमी का असर सिर्फ स्कूली बच्चों तक सीमित नहीं है। ग्रामीणों के अनुसार, मरीजों, दैनिक मजदूरों और दूसरे लोगों को भी नदी पार करने के लिए नाव पर निर्भर रहना पड़ता है। ग्रामीण लंबे समय से यहां पक्के आरसीसी पुल के निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनका कहना है कि अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग प्रशासन और असम सरकार से मामले का संज्ञान लेने की अपील कर रहे हैं। लोगों की मांग है कि बच्चों की सुरक्षा और बेहतर आवागमन के लिए इलाके में जल्द से जल्द पक्के पुल का निर्माण कराया जाए।
#AssamNews #Dhemaji #Jonainews #SchoolChildren #BoatJourney #BridgeDemand #ViralVideo #taptisamanvya
