September 29, 2026

बैतूल जिले की प्रमुख खबरें 29/09/26

0
Post no. _20260929_202010_0000.jpg

बैतूल जिले की आज की प्रमुख खबरें

1. मरामझिरी रेलवे फीडर रोड का काम अटका
बैतूल के मरामझिरी क्षेत्र में प्रस्तावित रेलवे फीडर रोड का निर्माण अब तक शुरू नहीं हो पाया है। करीब 3 करोड़ 11 लाख रुपये की लागत वाली इस सड़क से रेलवे क्षेत्र और हाईवे के बीच आवागमन आसान होने की उम्मीद है। काम में देरी को गंभीरता से लेते हुए पीडब्ल्यूडी ने ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

2. शोभापुर में बुजुर्ग महिला के घर चोरी
सारणी के शोभापुर कॉलोनी में चोरों ने रात के समय 74 वर्षीय महिला के घर को निशाना बनाया। महिला के हाथ से सोने के कंगन काटने के साथ गले से सोने की चैन भी निकाल ली गई। कंगन काटने के दौरान उनके हाथ में चोट लग गई। पुलिस आसपास के घरों और रास्तों पर लगे सीसीटीवी से आरोपियों की तलाश कर रही है।

3. जेलीफिश के डंक के बाद भी नहीं रुके रामबरन
बैतूल के दिव्यांग तैराक रामबरन पाल ने इंग्लिश चैनल पार कर अपनी क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। इस कठिन सफर के दौरान समुद्र में जेलीफिश के डंक से उनके होंठ और कंधे पर चोट लगी। दर्द और परेशानी के बावजूद उन्होंने तैरना जारी रखा और डोवर से फ्रांस तक करीब 33 किलोमीटर की दूरी 20 घंटे 21 मिनट में पूरी की।

4. गौवंश से भरी पिकअप का पीछा कर पकड़ा
मुलताई क्षेत्र में संदिग्ध रूप से ले जाए जा रहे 12 गौवंश से भरी पिकअप को पीछा करने के बाद पकड़ा गया। वाहन का पीछा करीब 12 किलोमीटर तक किया गया, जिसके बाद वह एक ग्रामीण के घर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन में गौवंश को बेहद तंग हालत में रखा गया था। दो की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि बाकी को सुरक्षित गौशाला पहुंचाया गया।

5. रसोई में पानी के डिब्बों के पीछे छिपा था कोबरा
मुलताई तहसील के सांडिया गांव में देर रात एक घर की रसोई में कोबरा मिलने से परिवार में दहशत फैल गई। महिला पानी लेने पहुंची तो उसकी नजर डिब्बों के पीछे छिपे सांप पर पड़ी। फुफकार सुनकर परिवार ने तुरंत सर्प मित्र को सूचना दी। करीब साढ़े पांच फीट लंबे कोबरा को सुरक्षित रेस्क्यू कर घर से बाहर निकाला गया।

6. एसपी ने प्रभात पट्टन चौकी की व्यवस्थाएं जांचीं
बैतूल एसपी वीरेंद्र जैन ने प्रभात पट्टन पुलिस चौकी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस रिकॉर्ड, लंबित अपराध और शिकायतों से जुड़े मामलों के साथ मालखाने की व्यवस्था भी देखी। एसपी ने पुलिसकर्मियों से कार्य संबंधी जानकारी ली और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ लंबित मामलों के जल्द निराकरण पर जोर दिया।

7. शाहपुर क्षेत्र में अवैध शराब पर आबकारी विभाग की कार्रवाई
अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने शाहपुर क्षेत्र के कई गांवों में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान छह प्रकरण दर्ज किए गए। टीम ने मौके से 15 लीटर हाथ भट्टी शराब और करीब 340 किलो महुआ लहान बरामद किया। विभाग ने आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

8. लिपिक कर्मचारियों ने उठाई वेतन विसंगति की मांग
बैतूल में लिपिक वर्गीय कर्मचारियों ने अपनी दो प्रमुख मांगों को लेकर आवाज उठाई है। कर्मचारियों का कहना है कि वेतन विसंगति दूर करने के साथ सीपीसीटी की अनिवार्यता से जुड़े प्रावधानों पर भी पुनर्विचार किया जाना चाहिए। इस संबंध में प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उइके को ज्ञापन सौंपकर मांगों के निराकरण की अपील की।

9. बालरंग महोत्सव में दिखेगी बच्चों की प्रतिभा
बैतूल में जिला स्तरीय बालरंग महोत्सव का आयोजन 1 अक्टूबर को किया जाएगा। विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए साहित्य, संगीत, नृत्य, चित्रकला, भाषण और योग जैसी कई विधाओं में प्रतियोगिताओं का मौका मिलेगा। दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए भी विशेष प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। चयनित प्रतिभाओं को आगे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अवसर मिल सकता है।

10. जनसुनवाई में अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश
बैतूल कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। भूमि विवाद, मुआवजा, पेंशन, आवास, बिजली और पानी सहित कई मामलों पर शिकायतें सामने आईं। कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे ने संबंधित अधिकारियों से मामलों की जानकारी ली और शिकायतों की जांच कर तय समय-सीमा में समाधान करने के निर्देश दिए।

#BetulNews #MultaiNews #MPNews #BetulUpdate #LocalNews #CrimeNews #BetulSamachar #taptisamanvya

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *