गोपालगंज में तस्करी का गजब जुगाड़! गैस सिलेंडर के अंदर मिली 127 बोतल शराब
बिहार के गोपालगंज में शराब तस्करी का एक ऐसा तरीका सामने आया है, जिसे देखकर जांच में जुटी टीम भी हैरान रह गई। कुचायकोट थाना क्षेत्र के कर्म टोला फुलवरिया के पास उत्पाद विभाग की टीम शराब तस्करी के खिलाफ जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान यूपी की तरफ से एक बाइक आती दिखाई दी। बाइक पर एक गैस सिलेंडर रखा हुआ था और उसे ऊपर से चादर से ढका गया था।
संदेह होने पर टीम ने बाइक को रोककर सिलेंडर की जांच शुरू की। जांच के दौरान सिलेंडर को खोलने पर उसके अंदर एक गुप्त तहखाना बना हुआ मिला। इस छिपे हुए हिस्से में गैस की जगह शराब की बोतलें रखी गई थीं। अधिकारियों के मुताबिक, सिलेंडर से 200 एमएल की 127 बोतल बंटी-बबली शराब बरामद की गई है।
कार्रवाई के बाद पुलिस ने बाइक को भी जब्त कर लिया और आरोपी तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार के अनुसार, आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस जगह पहुंचाया जाना था।
इसके अलावा जांच एजेंसियां तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही हैं। आरोपी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की भी जांच की जा रही है, ताकि शराब की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर सामने आया है कि तस्कर शराब छिपाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं।
#Gopalganj #BiharNews #LiquorSmuggling #CrimeNews #PoliceAction #ViralNews #BreakingNews #taptisamanvya
