मुंबई BEST बस डिपो में भीषण आग: 40 से ज्यादा बसों के बीच 10 बसें जलकर खाक
मुंबई के एनीक बस डिपो में सोमवार शाम करीब 5:45 बजे अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना के वक्त डिपो में 40 से ज्यादा BEST बसें खड़ी थीं। आग सबसे पहले कुछ बसों के पास लगी और देखते ही देखते तेजी से फैलने लगी। आग का पता चलते ही ड्राइवर और कर्मचारी करीब 50 मीटर दूर स्थित कार्यालय से बसों की चाबियां लेने पहुंचे। उन्होंने ज्यादातर बसों को वहां से निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया, लेकिन 10 बसों की चाबियां नहीं मिल सकीं और ये बसें आग की चपेट में आ गईं।
घटना की सूचना BEST कंट्रोल रूम को मिलने के बाद करीब 5:54 बजे फायर ब्रिगेड को जानकारी दी गई। आग पर काबू पाने के लिए चार फायर इंजन, पांच जंबो टैंकर, एक एडवांस्ड वॉटर टेंडर और क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल मौके पर भेजे गए। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद शाम 7:15 बजे आग बुझा दी गई। एहतियात के तौर पर मौके पर एंबुलेंस भी तैनात रही।
BEST अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर बाहरी कारणों की आशंका से भी इनकार नहीं किया गया है। राहत की बात रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
#Mumbai #BESTBus #BusDepotFire #MumbaiNews #FireIncident #BreakingNews #MaharashtraNews #taptisamanvya
