झांसी की सब्जी मंडी में युवक ने पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग, 2 दर्जन दुकानें राख
झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र की पुरानी सब्जी मंडी में बुधवार सुबह आगजनी की घटना से हड़कंप मच गया। सामने आए CCTV फुटेज में एक युवक पेट्रोल छिड़कने के बाद दुकानों में आग लगाता दिखाई दे रहा है। आग तेजी से फैलने के कारण करीब दो दर्जन दुकानें और उनमें रखा सामान जलकर राख हो गया।
दुकानदारों के अनुसार, इस घटना में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। बताया जा रहा है कि मंडी के दुकानदारों को हटाने को लेकर कुछ लोगों के बीच विवाद चल रहा था। इसी बीच आगजनी की घटना सामने आई, हालांकि युवक ने आग क्यों लगाई, इसकी वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुरानी मंडी घनी बस्ती में होने के कारण समय रहते आग बुझने से आसपास की दुकानों और मकानों तक आग फैलने से बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आग लगाने वाले युवक की पहचान करने में जुटी है। साथ ही आगजनी के पीछे के विवाद और पूरी घटना की जांच की जा रही है।
#JhansiNews #JhansiUpdate #FireIncident #CCTVFootage #SabziMandi #FireNews #UPNews #taptisamanvya
