रूस के सोची तट पर ड्रोन हमला, आग की लपटों में घिरा तेल टैंकर
रूस के दक्षिणी तट पर स्थित सोची के पास समुद्र में एक तेल टैंकर पर यूक्रेनी ड्रोन हमले के बाद भीषण आग लग गई। हमले के समय टैंकर पर 23 भारतीय क्रू सदस्य मौजूद थे। राहत की बात यह रही कि सभी भारतीयों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।
रूसी परिवहन मंत्रालय के अनुसार, लाइबेरिया के झंडे वाला यह टैंकर ‘नौसैनिक ड्रोन’ की चपेट में आने के बाद आग की लपटों से घिर गया। घटना के बाद सोची के समुद्री इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई और तट व समुद्र तटों तक लोगों की पहुंच सीमित कर दी गई।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और तस्वीरों में समुद्र के बीच तेज नारंगी लपटें और आसमान में उठता काले धुएं का घना गुबार दिखाई दे रहा है। हादसे के बाद आसपास के इलाके में लोगों के बीच चिंता का माहौल बन गया।
रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद से ब्लैक सी में व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता बनी हुई है। हाल के दिनों में यूक्रेनी सामान ले जा रहे अनाज जहाज भी हमलों की चपेट में आने की खबरें सामने आई हैं। इस नए हमले के बाद समुद्री व्यापार मार्गों की सुरक्षा को लेकर तनाव और बढ़ गया है।
#Russia #Sochi #UkraineRussiaWar #DroneAttack #BlackSea #IndianCrew #TankerFire #taptisamanvya
