गरबा प्रचार में स्टंटबाजी पड़ी भारी! शिवपुरी में 6 कारों पर 30 हजार का जुर्माना

0
Post no.

मध्य प्रदेश के शिवपुरी में गरबा कार्यक्रम के प्रचार के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। कारों की छत पर बालिकाओं और युवतियों को बैठाकर शहर में घूमने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यातायात पुलिस ने छह कार मालिकों पर जुर्माना लगाया।

जानकारी के अनुसार, नवरात्रि के दौरान आयोजित होने वाले गरबा कार्यक्रम के प्रचार के लिए कुछ लोग कारों के साथ शहर की सड़कों पर निकले थे। इस दौरान कई कारों की छत पर युवतियां बैठी दिखाई दीं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने वाहनों के नंबरों के आधार पर उनकी पहचान की और संबंधित कार मालिकों को यातायात थाने बुलाया।

पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 189 के तहत छह कारों पर प्रति वाहन 5 हजार रुपये के हिसाब से कुल 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। कार्रवाई के दौरान वाहन मालिकों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी और भविष्य में ऐसा नहीं करने का भरोसा दिया।

चलती कार की छत पर बैठकर सफर करना गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी कार्यक्रम के प्रचार या उत्सव के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी न करें और अपनी व दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखें।

#ShivpuriNews #MPNews #Garba #TrafficPolice #TrafficRules #RoadSafety #NavratriUpdate #taptisamanvya

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *