दिल्ली में खाने के बीच मची चीख-पुकार! रेस्टोरेंट में भड़की आग, जान बचाने बालकनी से कूदे लोग
दिल्ली के वेलकम इलाके में मंगलवार रात एक रेस्टोरेंट में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब लोग आराम से बैठकर खाना खा रहे थे और अचानक ग्राउंड फ्लोर पर स्थित किचन से आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते रेस्टोरेंट के अंदर धुआं फैल गया और वहां मौजूद लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया। कुछ ही सेकंड पहले जहां लोग अपने खाने का आनंद ले रहे थे, वहीं अगले ही पल हर किसी को अपनी जान बचाने की चिंता सताने लगी। कोई सीढ़ियों की ओर भागा, तो कोई पहली मंजिल की खिड़की और बालकनी से नीचे उतरने की कोशिश करने लगा।
इस घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में एक व्यक्ति दो बच्चों को बालकनी से नीचे खड़ी भीड़ की ओर उतारता दिखाई दे रहा है। नीचे मौजूद स्थानीय लोगों ने भी हिम्मत दिखाई और बच्चों समेत अन्य लोगों को सुरक्षित निकालने में मदद की। वीडियो में कुछ लोग इमारत के खंभे के सहारे नीचे उतरते नजर आए, जबकि कुछ लोग सीढ़ी लगाकर बालकनी तक पहुंचने की कोशिश करते दिखे। आग और धुएं के कारण रेस्टोरेंट में मौजूद लोगों के बीच काफी घबराहट फैल गई थी।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात करीब साढ़े दस बजे वेलकम थाना क्षेत्र के उधम रेस्टोरेंट में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि आग किचन में लगी थी। दिल्ली अग्निशमन सेवा ने सूचना मिलने के बाद दमकल की छह गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा। हालांकि, दमकल टीम के पहुंचने तक रेस्टोरेंट के कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया था। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली। फिलहाल, रेस्टोरेंट में आग लगने और लोगों के जान बचाने के लिए बालकनी से उतरने के दृश्य सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं।
#Delhi #DelhiFire #WelcomeDelhi #RestaurantFire #BreakingNews #ViralVideo #DelhiNews #taptisamanvya
