सिर पर आग, हाथों में मशालें! राजकोट में बालिकाओं का हैरतअंगेज गरबा
गुजरात के राजकोट में नवरात्रि के दौरान आस्था और साहस का ऐसा नजारा देखने को मिलता है, जिसे देखकर लोग हैरान रह जाते हैं। यहां बजरंग गरबी मंडल में बालिकाएं सिर पर आग की लपटों से घिरा गरबा रखकर और दोनों हाथों में जलती मशालें लेकर मां दुर्गा की आराधना करती हैं। इस अनोखी प्रस्तुति में उनके सिर और आग के बीच महज एक कपड़ा होता है, जबकि वे पारंपरिक अंदाज में कदमताल करती नजर आती हैं।
यह विशेष आयोजन पिछले 19 वर्षों से चला आ रहा है। नवरात्रि के तीसरे, छठे और नौवें दिन आयोजित होने वाले इस रास में केवल छह बालिकाओं को प्रस्तुति देने का अवसर मिलता है। इसके लिए उन्हें कई दिनों तक विशेष अभ्यास कराया जाता है, ताकि मंच पर तालमेल बना रहे। कलाकारों का कहना है कि मां दुर्गा के प्रति उनकी आस्था उन्हें हिम्मत देती है।
आयोजक धर्मेन्द्रसिंह झाला के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान मंच पर अग्नि सुरक्षा के इंतजाम किए जाते हैं। इस अनोखे रास को देखने के लिए हर साल हजारों लोग पहुंचते हैं। आधुनिक गरबा आयोजनों के बीच राजकोट की यह परंपरा आज भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। आस्था, संस्कृति और साहस का यह संगम नवरात्रि को एक अलग पहचान देता है।
#Rajkot #Gujarat #Navratri #Garba #DurgaPuja #ViralVideo #GujaratiCulture #taptisamanvya
