October 15, 2026

इस्तांबुल में आसमानी आफत: भारी बारिश से शहर जलमग्न, बाढ़ में फंसे सैकड़ों वाहन

0
Post no.

तुर्किये के इस्तांबुल में बुधवार को हुई मूसलाधार बारिश ने शहर में बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए। लगातार तेज बारिश के चलते कई प्रमुख सड़कें, रिहायशी इलाके और अंडरपास पानी में डूब गए। सड़कों पर पानी का स्तर तेजी से बढ़ने के कारण कई कारें और बसें बीच रास्ते में फंस गईं। कुछ इलाकों में भूस्खलन और पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं।

सरकारी समाचार एजेंसी अनादोलु के अनुसार, कई रिहायशी इलाकों में बाढ़ का पानी घरों के ग्राउंड फ्लोर और बेसमेंट तक पहुंच गया, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

सबसे चौंकाने वाली तस्वीरें इस्तांबुल के सारियर जिले से सामने आईं, जहां बाढ़ के पानी में एक बस फंस गई। पानी का स्तर बढ़ने पर बस में मौजूद कुछ यात्रियों को सुरक्षित रहने के लिए उसकी छत पर चढ़ना पड़ा। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कई वाहन चारों ओर से पानी से घिरे दिखाई दिए।

इस्तांबुल गवर्नर कार्यालय के मुताबिक, बुधवार शाम तक बाढ़, भूस्खलन, पेड़ गिरने और अन्य आपात स्थितियों से संबंधित एक हजार से अधिक कॉल प्राप्त हुईं।

गंभीर हालात को देखते हुए गवर्नर दावुत गुल ने गुरुवार को स्कूलों में ऑफलाइन कक्षाएं स्थगित करने का आदेश दिया। इसके अलावा बुधवार शाम से दोपहिया वाहनों के इस्तेमाल पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया।

प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए करीब 8 हजार आपातकालीन कर्मचारियों के साथ 2 हजार वाहन और मशीनें तैनात की गई हैं। प्रशासन जलभराव वाले इलाकों में स्थिति सामान्य करने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयासों में जुटा हुआ है।

#IstanbulFloods #TurkeyNews #HeavyRain #FloodAlert #WorldNews #BreakingNews #WeatherUpdate #taptisamanvya

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *