जमशेदपुर के ‘मौत के कुएं’ में बाइक बनी आग का गोला, महिला स्टंट कलाकार झुलसी!
झारखंड के जमशेदपुर में रविवार देर शाम दुर्गा पूजा मैदान में चल रहे मेले के दौरान एक खतरनाक हादसा सामने आया। बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में ‘मौत के कुएं’ के अंदर बाइक से स्टंट कर रही 28 वर्षीय महिला कलाकार की मोटरसाइकिल में अचानक आग लग गई। तेज रफ्तार से लकड़ी की दीवारों पर बाइक चला रही महिला के वाहन के इंजन के पास से पहले धुआं और चिंगारियां निकलीं, फिर देखते ही देखते बाइक आग की लपटों में घिर गई।
हादसे के दौरान महिला के बालों में भी आग लग गई और संतुलन बिगड़ने से वह करीब 20 फीट ऊंचे ढांचे के निचले हिस्से में जा गिरी। उस समय तीन मारुति 800 कारें भी कुएं के अंदर स्टंट कर रही थीं। आग भड़कते ही वहां मौजूद सैकड़ों दर्शकों में चीख-पुकार मच गई और लोग सुरक्षित जगह की ओर भागने लगे।
मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाई। उनकी तत्परता से आग लकड़ी के ढांचे तक फैलने से बच गई, हालांकि बाइक पूरी तरह जल गई। पुलिस के मुताबिक, महिला सुरक्षित है और किसी की मौत नहीं हुई। आग लगने की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है। शुरुआती आशंका ईंधन रिसाव या तकनीकी खराबी की है।
#JamshedpurNews #WellOfDeath #BikeStunt #StuntAccident #JharkhandNews #ViralVideo #BreakingNews #taptisamanvya
