आज की प्रमुख खबरें 28/10/2026
आज की प्रमुख खबरें
1. भोपाल में भाजपा की रैली की तैयारी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने भोपाल में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत प्रस्तावित रैली की तैयारियों को लेकर बैठक की। इसमें वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों ने भाग लेकर कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की। कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने और जनसंपर्क बढ़ाने पर जोर दिया गया।
2. मध्यप्रदेश पुलिस ने दस दिनों में 1.24 करोड़ की संपत्ति जब्त की
मध्यप्रदेश पुलिस ने पिछले दस दिनों में विभिन्न जिलों में चोरी के मामलों का खुलासा कर करीब 1 करोड़ 24 लाख 51 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की। बरामद सामान में पाइप, आभूषण, मोबाइल, लैपटॉप और अन्य वस्तुएं शामिल हैं।
3. पिपरिया रोजगार मेले में 208 युवाओं का प्राथमिक चयन
नर्मदापुरम जिले के पिपरिया में आयोजित युवा संगम रोजगार मेले में 416 युवाओं ने पंजीयन कराया। इनमें से 208 युवाओं का कंपनियों ने प्राथमिक चयन किया। स्वरोजगार योजनाओं सहित कुल 214 विद्यार्थियों को लाभ मिला।
4. 31 अक्टूबर को बैतूल आएंगे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 31 अक्टूबर को बैतूल में तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरित करेंगे। कार्यक्रम को लेकर पुलिस ग्राउंड में बड़े डोम सहित अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं। प्रशासन तैयारियों की समीक्षा कर रहा है।
5. सिलादेही में मक्का की दावन के दौरान महिला की मौत
मुलताई के ग्राम सिलादेही में बुधवार को मक्का की दावन करते समय 26 वर्षीय सोनाली देशमुख की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें सरकारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है। मौत के कारणों का खुलासा जांच के बाद होगा।
6. मुलताई में दो मोटरसाइकिलों की टक्कर, दोनों चालक घायल
बैतूल रोड पर पंडाग्रे पेट्रोल पंप के सामने दो मोटरसाइकिलों की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में राजेश खौसे और विशाल पठाड़े गंभीर रूप से घायल हुए। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन दोनों को बेहतर इलाज के लिए बाहर ले गए।
7. बैतूल रेलवे स्टेशन पर विकास कार्यों का निरीक्षण
बैतूल रेलवे स्टेशन पर करीब 50 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का रेलवे अधिकारियों ने निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण की गुणवत्ता, यात्री सुविधाओं, अनधिकृत वेंडरों और छोटे स्टेशनों पर बंद ट्रेन स्टॉपेज दोबारा शुरू करने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
8. छिंदवाड़ा में मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की तैयारियां
कलेक्टर हरेंद्र नारायण ने स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। पुलिस ग्राउंड में होने वाले कार्यक्रम के लिए सांस्कृतिक गतिविधियों, पेयजल, सफाई, बिजली और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर निर्देश दिए गए।
9. पांढुर्णा में कानून व्यवस्था की समीक्षा
पांढुर्णा में कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ ने कानून व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। चिन्हित अपराधियों पर नियमानुसार कार्रवाई करने, संवेदनशील मामलों पर नजर रखने और अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
10. बैतूल में डॉक्टर बनकर ठगी करने का आरोपी गिरफ्तार
बैतूल कोतवाली पुलिस ने खुद को डॉक्टर बताकर मरीजों के परिजनों से ऑनलाइन पैसे ऐंठने के आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी इलाज और सिजेरियन डिलीवरी का झांसा देकर यूपीआई से भुगतान करवाता था। जांच में भोपाल और इंदौर में भी ऐसे मामले सामने आए हैं।
#BetulNews #MultaiNews #BhopalNews #NarmadapuramNews #ChhindwaraNews #PandhurnaNews #MadhyaPradeshNews #taptisamanvya
