November 1, 2026

इंदौर के नशा मुक्ति केंद्र में युवक की मौत से मची दहशत, 70 से ज्यादा मरीज ताला तोड़कर फरार!

0
Post no. (2)

इंदौर के एक निजी नशा मुक्ति केंद्र में युवक की मौत के बाद ऐसा घटनाक्रम सामने आया, जिसने पूरे केंद्र की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। केंद्र के वॉशरूम में 23 वर्षीय सचिन लोधी का शव फंदे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि सचिन नहाने की बात कहकर वॉशरूम में गए थे, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आए। करीब एक घंटे तक दरवाजा नहीं खुलने पर सुरक्षा गार्ड ने दरवाजा तोड़ा, जहां सचिन फंदे पर लटके मिले। उन्हें तुरंत एमवाई अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना की खबर केंद्र में फैलते ही वहां भर्ती मरीजों में दहशत फैल गई। इसके बाद 70 से अधिक मरीजों ने एक साथ मुख्य द्वार का ताला तोड़ा और चारदीवारी पार कर बाहर निकल गए। इस सामूहिक पलायन के बाद केंद्र में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। मृतक के परिजनों ने प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि केंद्र में भर्ती युवक की जिम्मेदारी प्रबंधन की थी, ऐसे में घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

वहीं, रावजी बाजार पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार हुए मरीजों की तलाश में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इतनी बड़ी संख्या में मरीज सुरक्षा व्यवस्था को तोड़कर बाहर कैसे निकल गए। फिलहाल सचिन की मौत के कारणों और केंद्र की व्यवस्थाओं से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।

#IndoreNews #MadhyaPradeshNews #NashaMuktiKendra #IndorePolice #BreakingNews #CrimeUpdate #ViralNews #taptisamanvya

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *