आज की प्रमुख खबरें 04/11/2026
आज की प्रमुख खबरें
1. मुलताई में अवैध शराब बिक्री पर पत्रकारों ने उठाई आवाज
देवास जिले के नेमावर में थाना प्रभारी दिलीप पुरी की हत्या के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शराब माफिया पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद मुलताई में कई स्थानों पर अवैध शराब की बिक्री जारी है। आज मुलताई पहुंचे कलेक्टर के सामने पत्रकारों ने अवैध शराब पर रोक लगाने और सख्त कार्रवाई की मांग की।
2. भोपाल में भाजपा की विशाल पदयात्रा, जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री हुए शामिल
भोपाल के अटल पथ पर बुधवार को लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ पदयात्रा आयोजित हुई। इसमें केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया और जनसमूह को संबोधित किया।
3. नर्मदापुरम में मिठाई दुकानों पर खाद्य विभाग की कार्रवाई
दीपावली से पहले नर्मदापुरम और बनखेड़ी में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया। यादव डेयरी का खाद्य पंजीयन निलंबित कर संदिग्ध मिठाइयां और खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। कई दुकानों से नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
4. खेड़ीसावलीगढ़ में अवैध पटाखा बिक्री पर कार्रवाई, दुकान सील
बैतूल के खेड़ीसावलीगढ़ में प्रशासन ने अवैध पटाखा बिक्री पर कार्रवाई की। एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह और एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम ने अरिहंत जनरल स्टोर से पटाखे जब्त कर दुकान सील कर दी। जनरल स्टोर से पटाखे बेचने की अनुमति नहीं थी।
5. बडोरा मंडी के सामने दिनभर जाम, वाहन चालक परेशान
बैतूल के बडोरा कृषि उपज मंडी के सामने बैतूल बाजार रोड पर मंगलवार को दिनभर जाम लगा रहा। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और भारी वाहनों के कारण लंबी कतारें लग गईं। लोगों को इटारसी रोड से घूमकर जाना पड़ा। स्थानीय लोगों ने यातायात पुलिस की तैनाती की मांग की है।
6. जेएच कॉलेज के गेट पर गार्ड और युवक में मारपीट, वीडियो वायरल
बैतूल के पीएमश्री जेएच कॉलेज के मुख्य गेट पर सुरक्षा गार्ड और युवक के बीच मारपीट हो गई। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं। युवक ने गार्ड पर अभद्रता का आरोप लगाया, वहीं कॉलेज प्रबंधन ने परीक्षा के चलते सख्त चेकिंग की बात कही है।
7. मुलताई में शिक्षकों को दिया गया एआई प्रशिक्षण
मुलताई के सांदीपनि विद्यालय में एआई मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण आयोजित हुआ। मास्टर ट्रेनर गजानंद पंडाग्रे और एआई एम्बेसडर मोहित बचले ने शिक्षकों को कोपायलट के उपयोग और पढ़ाई में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल की जानकारी दी।
8. जौलाखेड़ा स्कूल में बच्चों को बताए सुरक्षा और कानूनी अधिकार
मुलताई के जौलाखेड़ा हायर सेकेंडरी स्कूल में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत विधिक जागरूकता शिविर आयोजित हुआ। न्यायाधीश यतेश सिसोदिया और सरिता डाबर वास्कले ने विद्यार्थियों को गुड टच-बैड टच, पॉक्सो एक्ट और साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी।
9. छिंदवाड़ा के केवलारी में किसानों को निःशुल्क मसूर बीज वितरित
छिंदवाड़ा जिले के केवलारी गांव में सांसद विवेक बंटी साहू की मौजूदगी में किसानों को निःशुल्क मसूर बीज मिनीकिट बांटे गए। उन्होंने कम वर्षा को देखते हुए किसानों को मसूर, चना और सरसों की खेती अपनाने की सलाह दी।
10. पांढुर्णा में बलराम कृषि महोत्सव, किसानों को मिली आधुनिक खेती की जानकारी
पांढुर्णा में राज्य स्तरीय बलराम कृषि महोत्सव के तहत प्रदर्शनी आयोजित हुई। इसमें किसानों को आधुनिक खेती, जैविक उत्पादन, पशुपालन, खाद्य प्रसंस्करण और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। महिला स्व-सहायता समूहों ने भी अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया।
11. बैतूल में मिठाई दुकानों से 39 नमूने लिए, 150 किलो मिठाई जब्त
बैतूल जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई दुकानों की जांच करते हुए कुल 39 नमूने लिए। शाहपुर में एक दुकान से 150 किलो संदिग्ध मिठाई जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 37 हजार 500 रुपये बताई गई है। सभी नमूने जांच के लिए भोपाल भेजे गए हैं।
