November 12, 2026

आज की प्रमुख खबरें 11/11/2026

0
Post no. _20261111_204934_0000.jpg

आज की प्रमुख खबरें

1. बैतूल में दीपावली के पावन अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल के निवास पर भव्य स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान जिलेभर से जनप्रतिनिधि, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। सभी ने हेमंत खंडेलवाल से मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं और मिठाई खिलाकर पर्व की खुशियां साझा कीं।

2. बैतूल कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे को स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला। उनके तत्कालीन रीवा नगर निगम आयुक्त के कार्यकाल में किए गए प्रयासों से रीवा को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में ‘स्वच्छ रिवर टाउन’ श्रेणी में देश में पहला स्थान प्राप्त हुआ। नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उन्हें सम्मानित किया।

3. मध्यप्रदेश पुलिस ने चोरी और नकबजनी की वारदातों पर कार्रवाई करते हुए महज दस दिनों में बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में आरोपियों से एक करोड़ 13 लाख 45 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

4. पचमढ़ी में कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने पर्यटन और विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न सड़कों, पार्क, नर्सरी, न्यू होटल और मॉल रोड का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही संबंधित अधिकारियों को विकास कार्यों की गुणवत्ता और पर्यटकों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

5. भाई दूज के अवसर पर बैतूल जिले में जगह-जगह ताप्ती नदी के घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। मुलताई, खेड़ी, आठनेर और बारहलिंग सहित विभिन्न घाटों पर लोगों ने सुबह से ही पहुंचकर आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के बाद पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

6. बेटियों को सम्मान और पहचान दिलाने के उद्देश्य से लाडो फाउंडेशन का ‘बेटी के नाम घर की पहचान’ अभियान 11 वर्ष पूरे कर चुका है। इस अभियान के तहत अब तक करीब चार हजार घरों पर बेटियों के नाम की पट्टिकाएं लगाई जा चुकी हैं। अभियान के माध्यम से समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच और सम्मान का संदेश दिया जा रहा है।

7. मुलताई के इंदिरा गांधी वार्ड में लाखों रुपये की लागत से बनाया गया बाल उद्यान बदहाली का शिकार है। बच्चों के खेलने के लिए तैयार किए गए इस उद्यान में निजी वाहनों की पार्किंग हो रही है। वहीं, आवारा पशुओं की मौजूदगी और साफ-सफाई की कमी से बच्चों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। रहवासियों ने उद्यान की व्यवस्था सुधारने की मांग की है।

8. मुलताई में गर्ल्स स्कूल के सामने एक कार अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। घटना के दौरान चालक अनूप सुरक्षित बच गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने नाले के किनारे सुरक्षा दीवार बनाने और सड़क को समतल करने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

9. छिंदवाड़ा जिले के चौरई में किसानों को फसल अवशेष नहीं जलाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। अभियान के तहत किसानों से पराली जलाने के बजाय उसका उपयोग जैविक खाद बनाने में करने की अपील की गई। अधिकारियों ने बताया कि फसल अवशेषों से खाद तैयार करने पर मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

10. पांढुर्णा में अपर कलेक्टर ज्योति ठाकुर की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में 50 दिन से अधिक समय से लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की विभागवार समीक्षा की गई। साथ ही अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने और विभिन्न विभागीय कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

11. खेड़ली बाजार में मक्का खरीदी के दौरान इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे में कथित गड़बड़ी का मामला सामने आया है। किसानों ने व्यापारी गुड्डू साहू पर वजन में धोखाधड़ी का आरोप लगाया। मामले को लेकर किसानों ने जांच कराने और दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

12. भैंसदेही-पोहर मार्ग पर सांप और नेवले के बीच संघर्ष का नजारा देखने को मिला। सड़क पर दोनों के बीच चल रही भिड़ंत को देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। वन्यजीव विशेषज्ञों की सलाह है कि ऐसे मामलों में लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखनी चाहिए।

13. बैतूल की संजय कॉलोनी में राज्य आनंद संस्थान के ‘हर घर दिवाली’ अभियान के तहत प्रत्याशा आनंद क्लब ने बच्चों और महिलाओं के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के संदेश से प्रेरित इस आयोजन में जरूरतमंद परिवारों को मिठाई, कपड़े, पटाखे, दीपक और खिलौने वितरित किए गए। क्लब सदस्यों ने बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने का प्रयास किया।

#Betul #Multai #MadhyaPradeshNews #LocalNews #SwachhSurvekshan #DiwaliCelebration #Farmers #taptisamanvya

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *