बुलंदशहर में डग्गामार बस का खतरनाक सफर, छत पर बैठकर यात्रा करते दिखे दर्जनों यात्री
बुलंदशहर के डिबाई-बुलंदशहर मार्ग पर डग्गामार बस संचालकों की मनमानी का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में बस की छत पर कई दर्जन यात्री बैठे दिखाई दे रहे हैं, जबकि कुछ यात्री खिड़कियों और बस की छत पर लटककर सफर करते नजर आ रहे हैं। बस में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने के साथ ही इस तरह छत पर सफर कराना बेहद जोखिम भरा है। अचानक ब्रेक लगने, तेज मोड़ आने या बस का संतुलन बिगड़ने की स्थिति में छत पर बैठे यात्री नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो सकते हैं। इसके अलावा सड़क पर लगे बिजली के तारों, पेड़ों और ऊंचे पुलों से टकराने का खतरा भी बना रहता है।
वीडियो वायरल होने के बाद जिले में यातायात नियमों के पालन और पुलिस एवं परिवहन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर किसकी शह पर डग्गामार बस संचालक खुलेआम यात्रियों की जान जोखिम में डालकर वाहन चला रहे हैं? क्या जिम्मेदार अधिकारियों को सड़कों पर चल रही इन बसों की जानकारी नहीं है? अब देखना होगा कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर पुलिस और परिवहन विभाग बस संचालक के खिलाफ क्या कार्रवाई करते हैं और भविष्य में इस तरह के खतरनाक सफर पर रोक लगाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
#Bulandshahr #UPNews #BusNews #RoadSafety #TrafficRules #ViralVideo #TransportDepartment #taptisamanvya
