शिमला में बंदर की नोटों पर नजर! 81 हजार रुपये लेकर पेड़ पर चढ़ा, फिर हुई नोटों की बारिश
शिमला के डीसी ऑफिस परिसर में एक बंदर ने ऐसा अनोखा कारनामा किया कि वहां मौजूद लोग देखते ही रह गए। दरअसल, एक व्यक्ति 81 हजार 800 रुपये की नकदी लेकर बैंक में जमा करवाने जा रहा था। इसी दौरान अचानक एक बंदर उसके हाथ से नोटों का बंडल छीनकर भागा और सीधे पेड़ पर जा चढ़ा। इसके बाद बंदर ने पेड़ पर बैठकर नोटों के पैकेट से एक-एक करके नोट निकालने शुरू कर दिए और नीचे फेंकता रहा। देखते ही देखते पेड़ के नीचे नोट बिखर गए और परिसर में मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई। अपनी मेहनत की कमाई को इस तरह बिखरता देख व्यक्ति काफी परेशान हो गया।
घटना को देखते हुए मौके पर मौजूद सरकारी कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद की। सभी ने मिलकर पेड़ के आसपास बिखरे नोटों को इकट्ठा करना शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ज्यादातर रकम वापस मिल गई, लेकिन व्यक्ति के मुताबिक करीब 1500 रुपये का हिसाब नहीं मिल पाया। इतना ही नहीं, बंदर ने 500 रुपये के कुछ नोट फाड़कर भी नुकसान पहुंचाया। डीसी ऑफिस जैसे महत्वपूर्ण सरकारी परिसर में हुई इस घटना ने एक बार फिर शिमला में बंदरों की समस्या को उजागर कर दिया है। अब सवाल यह है कि आखिर लोगों को बंदरों की ऐसी हरकतों से कब राहत मिलेगी और प्रशासन इस समस्या से निपटने के लिए क्या कदम उठाएगा?
#ShimlaNews #HimachalNews #MonkeyMischief #ShimlaMonkey #ViralNews #FunnyIncident #LatestNews #taptisamanvya
