November 14, 2026

आज की प्रमुख खबरें 13/11/2026

0
Post no. _20261113_201126_0000.jpg

आज की प्रमुख खबरें

1. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने बैतूल स्थित भाजपा जिला कार्यालय विजय भवन में अपने पूज्य पिता और पूर्व सांसद स्वर्गीय श्री विजय कुमार खंडेलवाल जी ‘मुन्नी भैया’ की 19वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया। कार्यक्रम में परिवार के सदस्य, पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

2. नर्मदापुरम कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत मोहासा औद्योगिक क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रू सोलर एनर्जी के सोलर पैनल प्लांट और इनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स की उत्पादन इकाई का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों से उत्पादन क्षमता, निवेश, रोजगार के अवसर और भविष्य में उद्योगों के विस्तार को लेकर विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

3. बैतूल में बांधों से पानी छोड़े जाने से पहले ही नहरों से पानी की कथित चोरी की तैयारी का मामला सामने आया है। नहरों में जगह-जगह सुराख कर पानी जमा करने के लिए तालाबनुमा गड्ढे बनाए जाने की आशंका है। यदि इन गड्ढों में नहर का पानी रोका गया तो अंतिम छोर तक पानी पहुंचना मुश्किल हो सकता है। ऐसे में टेल एरिया के किसानों की सिंचाई प्रभावित होने की चिंता बढ़ गई है।

4. बैतूल-भोपाल नेशनल हाईवे पर बरेठा घाट के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। चंद्रपुर से नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर जा रही कार सामने चल रहे कंटेनर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार राजू हेपाट और राहुल कनाके की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सूरज ढोके और निखिल पावडे घायल हो गए। पुलिस ने कंटेनर जब्त कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।

5. मुलताई विधानसभा क्षेत्र के बोरगांव शेरगढ़ में खेत में बने मवेशी शेड पर जंगली जानवर ने हमला कर दिया। इस घटना में दो मवेशियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मवेशी घायल हो गया। बताया जा रहा है कि जानवर एक मवेशी को अपने साथ ले गया था, जिसकी बाद में मौत हो गई। घटना के बाद वन विभाग की टीम जांच में जुटी है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है।

6. बैतूल में निर्माणाधीन कड़ाई वुडन क्लस्टर का एमएसएमई सचिव जॉन किंग्सले और श्रम सचिव रघुराज राजेंद्रन ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने क्लस्टर में चल रहे निर्माण कार्यों, उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं और आधारभूत ढांचे की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में काम पूरा करने और स्थानीय फर्नीचर कारोबारियों तथा उद्यमियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

7. छिंदवाड़ा जिले के दमुआ क्षेत्र में कलेक्टर हरेंद्र नारायण और एसपी अजय पांडे ने विभिन्न सरकारी संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने एमआरएफ सेंटर, जल उपचार केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का जायजा लिया। इस दौरान जनसंवाद में लोगों ने पेयजल, सड़क, अतिक्रमण और अन्य समस्याएं रखीं। लंबित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने संबंधित विभागों को समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।

8. पांढुर्णा जिले के अंजगांव में कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ ने जनविश्वास शिविर आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। शिविर में जल संरक्षण के लिए कुएं और तालाबों को सुरक्षित रखने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की गई। साथ ही किसानों की फार्मर आईडी बनाने और जरूरी दस्तावेज तैयार कराने पर जोर दिया गया। ग्रामीणों ने बिजली, पेंशन, नाली और अन्य स्थानीय समस्याएं भी अधिकारियों के सामने रखीं।

9. मुलताई के लिंहड़ा डैम का कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने निरीक्षण कर जल भंडारण और सिंचाई व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने डैम की 8 एमसीएम क्षमता का पूरा उपयोग सुनिश्चित करने और पानी लिफ्ट करने की संभावनाओं का सर्वे कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा किसानों की मांग पर पारसडोह डैम मार्ग और गन्ने की सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने से जुड़े प्रस्ताव तैयार करने को कहा।

10. बैतूल एसपी अमित सक्सेना ने रिजर्व पुलिस केंद्र का निरीक्षण कर पुलिस विभाग की विभिन्न शाखाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने वाहन शाखा, शस्त्रागार, स्टोर रूम, एसएएफ बैरक, पुलिस पेट्रोल पंप और जवानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी जानीं। एसपी ने सभी व्यवस्थाओं का बेहतर रखरखाव करने और निर्माणाधीन पुलिस आवासों का काम गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए।

#BetulNews #MultaiNews #MadhyaPradeshNews #NarmadapuramNews #ChhindwaraNews #PandhurnaNews #LocalNews #taptisamanvya

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *