भोपाल के भदभदा चौराहे पर रैपिडो बाइक से गिरीं महिला पत्रकार, डंपर की चपेट में आने से मौत
भोपाल: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय महिला पत्रकार सपना कुमारी की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक सपना रोज की तरह अपने दफ्तर जाने के लिए रैपिडो बाइक बुक करके निकली थीं। सुबह करीब 8 बजे कमला नगर थाना क्षेत्र के भदभदा चौराहे के पास एक अन्य बाइक सवार ने अचानक रैपिडो चालक को कट मार दिया। इससे चालक का बाइक से नियंत्रण बिगड़ गया और पीछे बैठीं सपना सड़क पर गिर गईं।
इसी दौरान पीछे से आ रहे एक डंपर ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे को लेकर सामने आई जानकारी के अनुसार, जिस डंपर ने सपना को कुचला, वह नो एंट्री क्षेत्र में घुसा था। प्रतिबंधित मार्ग पर भारी वाहन की मौजूदगी और उसके बाद हुए इस हादसे ने शहर की यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि डंपर के नो एंट्री में प्रवेश और हादसे की पूरी परिस्थितियों की पुलिस जांच कर रही है।
मृतका सपना कुमारी मूल रूप से बिहार की रहने वाली थीं और भोपाल के एक निजी न्यूज चैनल के आउटपुट विभाग में काम करती थीं। उनकी उम्र 25 वर्ष बताई गई है। अचानक हुए इस हादसे से मीडिया जगत में शोक का माहौल है।
#Bhopal #MadhyaPradesh #BhopalNews #RoadAccident #Bhadbhada #MPNews #JournalistDeath #taptisamanvya
