जबलपुर रेलवे स्टेशन पर फूड स्टॉल में भीषण आग, प्लेटफार्म के शेड तक पहुंचीं लपटें
जबलपुर मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 पर बुधवार शाम करीब 4 बजे एक फूड स्टॉल में अचानक आग लगने से यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। पार्सल विभाग के पास कटनी छोर पर स्थित स्टॉल से अचानक आग की ऊंची लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते काला धुआं पूरे प्लेटफार्म पर फैल गया। आग इतनी तेजी से फैली कि प्लेटफार्म के शेड तक इसकी लपटें पहुंच गईं। इस घटना में फूड स्टॉल में रखा सामान जल गया, वहीं आसपास रखे पार्सल भी क्षतिग्रस्त होने की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि जिस समय आग लगी, उस दौरान प्लेटफार्म पर खड़ी पार्सल लगेज वैन में सामान लोड और अनलोड करने का काम चल रहा था। आग फैलते देख रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश शुरू की। सूचना मिलते ही दमकल वाहन भी मौके पर पहुंच गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है।
#Jabalpur #JabalpurNews #RailwayStation #RailwayNews #FireIncident #MadhyaPradesh #BreakingNews #taptisamanvya
