November 22, 2026

मथुरा में जीजा का ₹2 करोड़ का शगुन! दो सालों को पहनाई 100 फीट लंबी नोटों की माला

0
Post no. (14)

मथुरा (उत्तर प्रदेश): शादियों के सीजन में आपने दूल्हों को फूलों और नोटों की मालाएं पहने तो कई बार देखा होगा, लेकिन मथुरा जिले के सुरीर क्षेत्र में हुई एक घुड़चढ़ी ने सबको हैरान कर दिया। यहां एक जीजा ने अपने दो सालों को ऐसा अनोखा और महंगा शगुन दिया कि शादी समारोह में मौजूद लोग देखते रह गए। इस शाही अंदाज का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सुरीर के नगला फोंदा गांव निवासी योगेंद्र सिंह और कुशलपाल सिंह के बेटे प्रशांत और कान्हा राघव की घुड़चढ़ी के दौरान राजस्थान के कामां क्षेत्र के नंदोला गांव निवासी उनके जीजा योगेश कुमार उर्फ भूरा ठाकुर ने दोनों दूल्हों को एक-एक करोड़ रुपये के नोटों से बनी विशाल मालाएं भेंट कीं। बताया जा रहा है कि 500-500 रुपये के नए नोटों से तैयार प्रत्येक माला करीब 100 फीट लंबी थी। इस तरह दोनों मालाओं की कुल कीमत 2 करोड़ रुपये होने का दावा किया गया है।

मालाओं का आकार इतना बड़ा था कि उन्हें पहनाने के लिए कई लोगों को एक साथ मेहनत करनी पड़ी। छत पर खड़े होकर दोनों दूल्हों को मालाएं पहनाई गईं। इस दौरान रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने इस अनोखे नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया।

दिलचस्प बात यह है कि शादी की रस्मों में आमतौर पर जीजा को सालों से शगुन मिलता है, लेकिन यहां जीजा ने ही अपने सालों पर करोड़ों रुपये का प्यार लुटाकर पूरी रस्म को यादगार बना दिया। दोनों दूल्हों की शादी गोवर्धन के एक मैरिज होम में होनी है। फिलहाल इस अनोखी घुड़चढ़ी और करोड़ों की नोटों वाली मालाओं की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है। हालांकि, मालाओं में वास्तव में कितनी रकम थी, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

#MathuraNews #ViralWedding #2CroreGift #CurrencyGarland #WeddingSeason #ViralVideo #UPNews #taptisamanvya

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *