देवास: छुट्टी पर घर आने वाला था जवान, तिरंगे में लिपटकर लौटा… पत्नी बोलीं—मेरे पति शेर थे!
देवास: जिस बेटे की घर वापसी का परिवार बेसब्री से इंतजार कर रहा था, उसकी पार्थिव देह जब तिरंगे में लिपटकर गांव पहुंची, तो हर आंख नम हो गई। देवास जिले के सोनकच्छ क्षेत्र के ग्राम पोलाय जागीर निवासी भारतीय सेना के जवान पवन यादव का 17 नवंबर 2026 को जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में ड्यूटी के दौरान ऊंचाई से गिरने के कारण निधन हो गया।
परिजनों के अनुसार, पवन यादव की छुट्टी स्वीकृत हो चुकी थी और वे करीब एक दिन बाद अपने घर लौटने वाले थे। परिवार उनके आने की तैयारियों और इंतजार में था। हादसे से कुछ घंटे पहले ही उन्होंने अपनी पत्नी शोभा यादव से फोन पर बातचीत की थी। इस दौरान उन्होंने परिवार का हालचाल जाना और दोनों बेटों के बारे में पूछा। किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि यह उनकी आखिरी बातचीत होगी।
गुरुवार शाम जब जवान की पार्थिव देह उनके पैतृक गांव पहुंची, तो अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। गांव में जगह-जगह तिरंगे लगाए गए और घरों के सामने रंगोलियां सजाई गईं। पूरा गांव ‘पवन यादव अमर रहें’ के नारों से गूंज उठा।
इसके बाद सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। सेना के वाहन से पार्थिव देह को खेत में बनाए गए अंत्येष्टि स्थल तक ले जाया गया, जहां बड़े बेटे सहित परिजनों ने अंतिम संस्कार की रस्में निभाईं।
सबसे भावुक क्षण उस समय देखने को मिला, जब पति की पार्थिव देह के पास खड़ी पत्नी शोभा यादव ने गहरे दुख के बावजूद साहस दिखाया। उन्होंने कहा कि उनके पति शेर थे और वे उन्हें आंसुओं के बजाय गर्व और सम्मान के साथ विदा करेंगी। साथ ही पति से किए वादों को पूरा करने का संकल्प भी लिया।
देश की सेवा में 14 साल 5 महीने समर्पित करने वाले पवन यादव अपने पीछे माता-पिता, पत्नी, दो मासूम बेटों और परिवार के अन्य सदस्यों को छोड़ गए हैं। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जवान पवन यादव को भावपूर्ण श्रद्धांजलि।
#DewasNews #IndianArmy #JawanPawanYadav #Udhampur #ArmyTribute #MadhyaPradeshNews #IndianSoldier #taptisamanvya
