टोंक में चुनाव हारते ही गांवों में छाया अंधेरा! 3 घंटे में उतार ली गईं 50 स्ट्रीट लाइटें
टोंक (राजस्थान): पंचायत समिति चुनाव के नतीजे आने के कुछ ही घंटों बाद गांवों से करीब 50 स्ट्रीट लाइटें हटाए जाने का मामला चर्चा में है। पीपलू पंचायत समिति के वार्ड नंबर 2 में चुनाव से पहले लगाई गई लाइटों को बिजली विभाग की टीम ने परिणाम घोषित होने के लगभग तीन घंटे बाद उतार लिया। इस कार्रवाई के समय को लेकर ग्रामीणों ने सवाल खड़े किए हैं।
जानकारी के अनुसार, निवाई विधायक रामसहाय वर्मा के निजी सहायक आलोक शर्मा की पत्नी प्रियंका शर्मा पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़ रही थीं। ग्रामीणों का कहना है कि 24 अक्टूबर को चुनाव प्रचार के दौरान गांवों और ढाणियों में अंधेरा देखकर करीब 50 स्ट्रीट लाइटें लगवाई गई थीं। इससे ग्रामीणों को रात के समय आवाजाही में सुविधा मिलने लगी थी।
शुक्रवार को घोषित चुनाव परिणाम में प्रियंका शर्मा को 751 वोटों से हार का सामना करना पड़ा। इसके करीब तीन घंटे बाद बिजली निगम की गाड़ी गांव पहुंची और लाइटें हटाकर ले गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से ग्रामीण नाराज हो गए।
मामले में बिजली निगम के सहायक अभियंता गोवर्धन चौधरी ने स्पष्ट किया कि लाइटें बिना अनुमति के लगाई गई थीं, इसलिए उन्हें हटाया गया। उन्होंने किसी प्रत्याशी के कहने पर कार्रवाई किए जाने से इनकार किया।
हालांकि, ग्रामीणों का सवाल है कि यदि स्ट्रीट लाइटें अवैध थीं, तो उन्हें लगाते समय ही क्यों नहीं रोका गया? चुनाव परिणाम आने के तुरंत बाद कार्रवाई क्यों की गई? अब यह मामला स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
#TonkNews #RajasthanNews #ElectionResults #StreetLightControversy #PanchayatElection #ViralNews #PoliticalNews #taptisamanvya
