मां की गोद में मासूम, भाषण और आंख-मिचौली! ऑस्ट्रेलियाई संसद में दिखा अनोखा नजारा
ऑस्ट्रेलिया: ऑस्ट्रेलियाई संसद की कार्यवाही के दौरान मां और बच्चे के बीच स्नेह का एक खूबसूरत नजारा देखने को मिला, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है। पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया की निर्दलीय सीनेटर फातिमा पेमैन अपनी छह महीने की बेटी आलिया को गोद में लेकर सदन को संबोधित करती दिखाई दीं।
24-25 नवंबर को हुई संसदीय कार्यवाही के दौरान उनके पीछे बैठीं सीनेटर लिडिया थोर्प बच्ची का मनोरंजन करने के लिए उसके साथ आंख-मिचौली खेलती नजर आईं। इस दौरान फातिमा पेमैन ने अपनी बेटी को संभालते हुए भाषण जारी रखा।
यह खूबसूरत पल उस समय देखने को मिला, जब ऑस्ट्रेलियाई सीनेट में डिजिटल ड्यूटी ऑफ केयर विधेयक पारित किया गया। इस विधेयक का उद्देश्य डिजिटल प्लेटफॉर्म की जवाबदेही बढ़ाना और विशेष रूप से बच्चों को ऑनलाइन खतरों से सुरक्षित रखना है।
ऑस्ट्रेलियाई सीनेट के नियम जनप्रतिनिधियों को संसदीय कार्यवाही के दौरान अपने शिशुओं को सदन में लाने, उनकी देखभाल करने और दूध पिलाने की अनुमति देते हैं। इस व्यवस्था का उद्देश्य माता-पिता को पारिवारिक और पेशेवर जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाने में सहयोग प्रदान करना है।
फातिमा पेमैन पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया की पहली ऐसी सीनेटर भी हैं, जिन्होंने अपने संसदीय कार्यकाल के दौरान बच्चे को जन्म दिया। सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो की सराहना करते हुए मातृत्व और पेशेवर जिम्मेदारियों के बीच संतुलन की खूबसूरत मिसाल बता रहे हैं।
#Australia #AustralianParliament #FatimaPayman #LidiaThorpe #Motherhood #ViralVideo #InternationalNews #taptisamanvya
