आज की प्रमुख खबरें 25/11/2026
आज की प्रमुख खबरें 1. भोपाल: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के कथित कूटरचित वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में भाजपा ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत की है। प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस नेता पीसी शर्मा के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की। शिकायत के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष का मूल वीडियो भी उपलब्ध कराया गया है। भाजपा ने मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
2. नर्मदापुरम: कलेक्टर आशीष वशिष्ठ के मार्गदर्शन एवं उच्च न्यायालय की किशोर न्याय समिति के निर्देशानुसार जिला न्यायालय परिसर में शौर्या दीदियों का एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया। विशेषज्ञों ने पॉक्सो एक्ट से प्रभावित बच्चों के साथ संवेदनशील व्यवहार, संवाद कौशल और मनोवैज्ञानिक सहायता प्रदान करने की जानकारी दी। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, पुलिस अधिकारी, शौर्या दल और बाल कल्याण समिति के सदस्य शामिल हुए। चाइल्डलाइन 1098 और पुलिस सेवा 112 की उपयोगिता भी बताई गई।
3. बैतूल: शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस कंट्रोल रूम में विधायक हेमंत खंडेलवाल, कलेक्टर और एसपी की मौजूदगी में महत्वपूर्ण बैठक हुई। रेलवे स्टेशन परिसर में ऑटो और ई-रिक्शा के लिए अलग-अलग स्टैंड तथा प्रमुख स्थानों पर शेड निर्माण का आश्वासन दिया गया। लाइसेंस, परमिट और दस्तावेजों से संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय मंगलवार को विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए गए। सत्यापन के बाद प्रत्येक ऑटो को यातायात थाने से विशेष नंबर आवंटित किया जाएगा।
4. बैतूल: ग्राम स्थायी पटेलों की नियुक्ति और अधिकारों की मांग को लेकर ग्रामीण पटेल कल्याण संघ ने प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल शरणागत के नेतृत्व में कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। संघ का आरोप है कि शासन के आदेशों के बावजूद जिले में नियुक्ति प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। संघ ने सभी तहसीलों में ग्राम स्थायी पटेलों की नियुक्ति, ग्राम पंचायतों में बैठने की व्यवस्था और राजस्व विभाग के कार्यों में भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग की है।
5. बैतूल: कार्तिक पूर्णिमा पर घुटीगढ़ में स्नान करने पहुंचे ग्राम बघोली निवासी 25 वर्षीय कपिल भोपते और 24 वर्षीय दीपक कनोजे उर्फ गब्बर की नदी में डूबने से मौत हो गई। दोनों युवक घाट से करीब दो किलोमीटर दूर स्नान कर रहे थे। राहगीर की सूचना पर पुलिस ने तलाश शुरू की। एक युवक का शव मिलने के बाद एसडीईआरएफ की टीम बुलाई गई, जिसने रात करीब नौ बजे दूसरे युवक का शव भी बरामद किया। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। घटना से गांव में शोक का माहौल है।
6. छिंदवाड़ा: प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत जिला चिकित्सालय में विशेष प्रसवपूर्व जांच शिविर आयोजित किया गया। कलेक्टर हरेंद्र नारायन के निर्देशन में आयोजित शिविर में 270 गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिनमें 87 महिलाओं की गर्भावस्था उच्च जोखिम वाली पाई गई। इसके अलावा मलेरिया, एचआईवी और सिकलिंग सहित विभिन्न जांच की गईं। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व, संतुलित पोषण, आवश्यक उपचार और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की सलाह दी।
7. बैतूल: बोरदेही थाना क्षेत्र के ग्राम जामुनबिछुआ में दस हजार रुपए मांगने और बाजार से मटन नहीं लाने की बात पर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार, महिला ने पति के सिर और चेहरे पर पत्थर से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। डायल 112 की टीम ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय बैतूल रेफर किया गया। एसपी अमित सक्सेना के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी महिला को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
8. बैतूल: गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा में सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व श्रद्धा, उल्लास और सेवा भाव के साथ मनाया गया। सुबह से ही गुरुद्वारे में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। विभिन्न धर्मों और समाजों के पांच हजार से अधिक लोगों ने मत्था टेककर गुरुवाणी का श्रवण किया और गुरु का अटूट लंगर ग्रहण किया। शबद कीर्तन से गुरुद्वारा परिसर भक्तिमय हो गया। सुख-शांति, समृद्धि और आपसी भाईचारे के लिए विशेष अरदास की गई।
9. बैतूल: कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर विवेकानंद वार्ड स्थित मां माचना घाट पर माचना जन्मोत्सव समिति और नगर पालिका के सहयोग से माचना जयंती एवं गुरु नानक देव जी की जयंती मनाई गई। श्रद्धालुओं ने नदी के तट पर दीपदान किया और आतिशबाजी की। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके, सेवा भारती अध्यक्ष मुकेश खंडेलवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार, नगर पालिका अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।
10. बैतूल: मध्यप्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे और एसपी अमित सक्सेना की मौजूदगी में जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्वरोजगार, शिक्षा, आवास, छात्रवृत्ति और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाने के निर्देश दिए। छात्रावासों में गुणवत्तापूर्ण भोजन, शुद्ध पेयजल और बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। अत्याचार निवारण अधिनियम के प्रकरणों का शीघ्र निराकरण और पीड़ितों को समय पर राहत राशि देने के निर्देश दिए। नल-जल योजनाओं की निगरानी, नशामुक्ति केंद्र प्रस्तावित करने और सफाई मित्रों को आवश्यक किट उपलब्ध कराने को भी कहा।
#BetulNews #BhopalNews #Narmadapuram #Chhindwara #MadhyaPradesh #MPNews #LatestNews #taptisamanvya
