तिरुपति बालाजी को 121 किलो सोने का चढ़ावा, उद्योगपति दंपती ने दान किए 160 करोड़ के आभूषण!
तिरुपति (आंध्र प्रदेश): विश्व प्रसिद्ध तिरुमला बालाजी मंदिर में चेन्नई के उद्योगपति वर्धमान जैन और उनकी पत्नी राधिका जैन ने भगवान श्री वेंकटेश्वर के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए 121 किलोग्राम सोने के आभूषण अर्पित किए हैं। इन आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 160 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस अवसर पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू भी उपस्थित रहे।
मंदिर को भेंट किए गए 45 विशेष स्वर्ण आभूषणों को नौ अलग-अलग सेटों में तैयार किया गया है। इनमें मुकुट, बाजूबंद, कमरबंद, कंधों और चरणों के आभूषण शामिल हैं। इनका उपयोग भगवान वेंकटेश्वर के विशेष शृंगार, दैनिक पूजा और धार्मिक आयोजनों में किया जाएगा।
वर्धमान जैन हेल्थकेयर टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में प्रसिद्ध उद्योगपति और एक्सेस हेल्थकेयर के संस्थापक हैं। उन्होंने अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास से कंप्यूटर साइंस में मास्टर डिग्री हासिल की है। रिपोर्ट्स के अनुसार, वर्ष 2025 में उन्होंने अपनी कंपनी की 70 प्रतिशत हिस्सेदारी करीब दो अरब डॉलर के सौदे में बेची थी।
वर्धमान जैन वर्ष 2019 से तिरुमला तिरुपति देवस्थानम की विभिन्न योजनाओं में आर्थिक सहयोग करते रहे हैं। इससे पहले उन्होंने श्री वेंकटेश्वर भक्ति चैनल के लिए सात करोड़ रुपये, गौशाला में चारा संयंत्र के लिए पांच करोड़ रुपये और सिक्कों की गिनती करने वाली मशीन के लिए एक करोड़ रुपये का योगदान दिया था।
धार्मिक गतिविधियों के अलावा वह स्वास्थ्य, शिक्षा, चिकित्सा सहायता और युवाओं के कौशल विकास से जुड़े सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय हैं। उद्योगपति दंपती का यह विशाल स्वर्ण दान अब देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
#TirupatiBalaji #TirumalaTemple #VardhmanJain #GoldDonation #LordVenkateswara #AndhraPradesh #SanatanDharma #taptisamanvya
