November 26, 2026

आज की प्रमुख खबरें 26/11/2026

0
Post no. _20261126_200344_0000.jpg

आज की प्रमुख खबरें 1. भोपाल: भाजपा के 1 से 25 दिसंबर तक आयोजित होने वाले सेवा दूत अभियान के अंतर्गत भोपाल, चंबल, ग्वालियर एवं नर्मदापुरम संभाग के कार्यकर्ताओं और विधानसभा समन्वयकों की प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया। अभियान के माध्यम से प्रदेश के 1,313 मंडलों और 71 हजार बूथों तक पहुंचकर संगठन विस्तार, जनसेवा और सरकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।

2. नर्मदापुरम: संविधान दिवस पर गुरुवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया। सभी ने संवैधानिक आदर्शों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की शपथ ली। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, अपर कलेक्टर राजेश कुमार शुक्ला सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

3. बैतूल: संविधान गौरव दिवस के उपलक्ष्य में भाजपा जिला कार्यालय विजय भवन में संगोष्ठी आयोजित की गई। केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद दुर्गादास उइके ने भारतीय संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक व्यवस्था और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान पर प्रकाश डाला। आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे और घोड़ाडोंगरी विधायक गंगा उइके ने भी संविधान में निहित अधिकारों और समानता के महत्व को बताया। इस अवसर पर संविधान की गौरव गाथा से संबंधित चित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई।

4. बैतूल: कोठी बाजार स्थित साईं मंदिर से लगातार 19वें वर्ष शिरडी साईं धाम के लिए साइकिल यात्रा का शुभारंभ हुआ। विधिवत पूजा-अर्चना और आरती के बाद श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रियों को विदाई दी। दल का नेतृत्व कर रहे प्रमोद अम्बुलकर ने बताया कि रास्ते में विभिन्न देवस्थानों में दर्शन एवं विश्राम करते हुए यात्री सात दिनों में शिरडी पहुंचेंगे। शुभारंभ अवसर पर जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने यात्रियों का स्वागत कर मंगलमय यात्रा की कामना की।

5. बैतूल: जिला रोजगार कार्यालय, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र और शासकीय आईटीआई के संयुक्त तत्वावधान में रोजगार, स्वरोजगार एवं प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया गया। मेले में 330 अभ्यर्थियों ने पंजीयन कराया। नौ निजी कंपनियों ने 151 उम्मीदवारों का प्राथमिक चयन कर लेटर ऑफ इंटेंट प्रदान किए। वहीं, 9 अक्टूबर से 26 नवंबर तक विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के तहत 446 हितग्राहियों को ऋण उपलब्ध कराया गया। शिविर में जिला रोजगार अधिकारी डॉ. श्याम कुमार धुर्वे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

6. छिंदवाड़ा: कलेक्टर हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता एवं एसपी अजय पाण्डेय की उपस्थिति में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक हुई। कलेक्टर ने छिंदवाड़ा-तामिया मार्ग पर मिडिल लाइन और साइड लाइन का शेष कार्य एक माह में पूरा कराने के निर्देश दिए। ईएलसी चौराहे की यातायात व्यवस्था में सुधार और सत्कार चौराहे पर गलत दिशा से आने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करने को कहा। शहर में अवैध फ्लेक्स, होर्डिंग और अतिक्रमण हटाने के लिए नियमित कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

7. पांढुर्णा: अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ ने संबंधित विभागों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सौसर और लोधीखेड़ा के संदिग्ध कारखानों, होटलों एवं ढाबों के साथ स्कूलों के 200 मीटर के दायरे में संचालित दुकानों की जांच की जाएगी। पुलिस ने 28 अक्टूबर से 23 नवंबर तक अवैध शराब के 37 प्रकरण दर्ज कर 39 आरोपियों पर कार्रवाई की। इस दौरान 2.87 लाख रुपये की 471 लीटर से अधिक अवैध शराब जब्त की गई। आबकारी विभाग ने भी पांच माह में 470 प्रकरण दर्ज किए हैं।

8. बैतूल: संविधान दिवस पर भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, वरिष्ठ नागरिक संगठन और मध्यप्रदेश ऑटो चालक एकता यूनियन के संयुक्त सहयोग से निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। भोपाल के सेवा सदन नेत्र चिकित्सालय के विशेषज्ञों ने 52 ऑटो चालकों की आंखों की जांच की। इनमें 11 चालकों को चश्मा बनवाने अथवा आगे चिकित्सकीय उपचार कराने की सलाह दी गई। विशेषज्ञों ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यात्रियों की सुरक्षा के लिए वाहन चालकों से नियमित नेत्र परीक्षण कराने की अपील की।

9. बैतूल: बिहार के बोधगया में 2 से 12 दिसंबर तक आयोजित अंतरराष्ट्रीय त्रिपिटक चेंटिंग कार्यक्रम में बैतूल की चिकित्सीय टीम लगातार दूसरे वर्ष स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगी। आलोका ट्रस्ट एवं आदिम कल्चरल एंड वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में डॉ. मनोज वरवड़े के नेतृत्व में चिकित्सक देश-विदेश से आने वाले बौद्ध भिक्षुओं और श्रद्धालुओं को चिकित्सा परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराएंगे। पिछले वर्ष भी इस टीम ने दो हजार से अधिक मरीजों को चिकित्सा सहायता प्रदान की थी।

10. मुलताई: हाई स्कूल मैदान में वंदे मातरम कप एचएम एकता मुलताई के तत्वावधान में तीन दिवसीय जिला स्तरीय टेनिस क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। बैतूल, पांढुर्णा और महाराष्ट्र के वरुड़ सहित विभिन्न क्षेत्रों की टीमें इसमें हिस्सा ले रही हैं। मैदान में आधा दर्जन से अधिक कैमरों के माध्यम से मुकाबलों का यूट्यूब पर लाइव प्रसारण किया जा रहा है। विजेता टीम को 1 लाख 1 हजार रुपये और उपविजेता को 51 हजार 111 रुपये का पुरस्कार मिलेगा। वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल शर्मा ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उत्साहवर्धन किया। आयोजक दानिश भाई ने स्थानीय खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना प्रतियोगिता का उद्देश्य बताया।

#BetulNews #Multai #BhopalNews #Chhindwara #Pandhurna #Narmadapuram #MPNews #taptisamanvya

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *