चलती ट्रेन में दीपक जलाकर आरती का वीडियो वायरल, यात्रियों की सुरक्षा पर उठे सवाल
भारतीय रेलवे: चलती ट्रेन के एसी कोच में एक यात्री द्वारा दीपक जलाकर धार्मिक अनुष्ठान करने का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। वायरल वीडियो में धोती पहने एक व्यक्ति शंख बजाते हुए पूजा-अर्चना करता दिखाई दे रहा है। यात्री के पास रखी टेबल पर भगवान की तस्वीर, फूल, जलता हुआ दीपक और अन्य पूजा सामग्री भी नजर आ रही है।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने रेलवे के सुरक्षा नियमों को लेकर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि धार्मिक आस्था व्यक्तिगत विषय है, लेकिन ट्रेन के बंद डिब्बे में दीपक जलाने से आग लगने का खतरा पैदा हो सकता है। कुछ यूजर्स ने संबंधित यात्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है।
भारतीय रेलवे ने वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए अपने आधिकारिक रेलवे सेवा अकाउंट के माध्यम से यात्रा की तारीख, ट्रेन नंबर और पीएनआर नंबर उपलब्ध कराने को कहा है, ताकि घटना की पहचान कर जांच की जा सके। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वीडियो किस ट्रेन और रेल मार्ग का है।
रेलवे ने यात्रियों से सफर के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने और ज्वलनशील सामग्री के इस्तेमाल से बचने की अपील की है। इस तरह की घटनाओं की शिकायत रेल मदद पोर्टल अथवा रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर की जा सकती है।
#IndianRailways #ViralVideo #TrainSafety #RailwayNews #FireSafety #RailMadad #TrendingNews #taptisamanvya
