जनजागरूकता रैली के साथ हुआ मां ताप्ती जन्मोत्सव का शुभारंभ
मुलताई। ताप्ती जन्मोत्सव को लेकर नगर पालिका जोरशोर से तैयारी कर रही है। ताप्ती सरोवर के घाटों की सफाई, पुताई के साथ दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग की जा रही है। जन जागरण रैली के साथ ताप्ती जन्मोत्सव पर होने वाले कार्यक्रमों की शुरुआत की गई। नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा गढ़ेकर ने जन जागरूकता रैली को झंडी देकर रवाना किया। उन्होंने बताया कि ताप्ती जन्मोत्सव में प्रत्येक नगरवासी की भागीदारी हो इसके लिए कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पहले दिन बुधवार 10 जुलाई को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण सहित अन्य को लेकर जनजागरण रैली निकली गई। रैली सरोवर के तट पर स्थित गायत्री मंदिर से शुरू हुई। नगर के प्रमुख मार्गों से होकर नपा परिसर पहुंची जहां रैली का समापन हुआ । इस दौरान पार्षद सभापति पिल्लू जैन, रितेश विश्वकर्मा, सहित समस्त पार्षदगण तथा स्कूल के विधार्थी शामिल हुए। 11 जुलाई को विभिन्न स्थानों पर पौधे रोपे जाएंगे। इसके बाद पीएम श्री कन्या स्कूल में चित्रकला और सीएम राइज स्कूल में निबंध, वाद विवाद स्पर्धा होगी। 12 जुलाई को सरोवर के तट पर स्थित राम मंदिर, गायत्री मंदिर और कुन्बी मंगल भवन परिसर में रंगोली स्पर्धा होगी। शाम में ताप्ती बनो स्पर्धा का आयोजन होगा। इसके बाद ताप्ती तट पर आरती थाल सजाओ स्पर्धा होगी। शाम में आतिश बाजी की जाएगी। 13 जुलाई को दोपहर में झांकी स्पर्धा होगी इसके बाद सरोवर के तट से आतिशबाजी भी की जाएगी।