पीएनबी बिल्डिंग से सटे अधूरे निर्माण में जमा कचरे के ढेर में लगी आग, फायर ब्रिगेड ने बुझाई
Screenshot
मुलताई।नगर के व्यस्ततम नागपुर रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक के समीप शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बैंक की दीवार से सटे अधूरे निर्माण कार्य स्थल पर जमा हुए कचरे के ढेर में अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि समय रहते जागरूक नागरिक ने मोर्चा संभाला, जिससे बैंक की बिल्डिंग और संपत्ति को जलने से बचा लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कचरे में लगी आग हवा के कारण तेजी से बैंक की खिड़कियों और बिजली के तारों की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान स्थानीय निवासी सलीम शेख की नजर लपटों पर पड़ी। उन्होंने बिना देर किए तुरंत नगर पालिका के दमकल विभाग (फायर ब्रिगेड) को फोन कर मौके पर बुलाया। सलीम शेख की इस त्वरित सूचना की वजह से ही दमकल वाहन ने बिना वक्त गंवाए घटनास्थल पर पहुँचकर आग को पूरी तरह बुझा दिया।
जांच में सामने आया कि बैंक के बाजू में लंबे समय से अधूरे निर्माण कार्य स्थल पर जमा सूखा कचरा ही इस खतरनाक आग का मुख्य कारण बना। स्थानीय आसपास के रहवासियों का कहना है कि यदि सलीम शेख समय पर सक्रिय न होते और दमकल को सूचना नहीं देते, तो आग बैंक के अंदर तक पहुँच सकती थी, जिससे भारी नुकसान हो सकता था।
