बैतूल जिले की मुख्य खबरे दिनांक: 23/07/26

0
Instagram Post_20260723_204526_0000.jpg

बैतूल जिले में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। लगातार तीन दिनों की बारिश से किसानों को राहत मिली है और मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।

खेड़ी सांवलीगढ़ के सेलगांव में नीलगायों के झुंड ने किसान धर्मेंद्र कुंभारे की करीब तीन एकड़ मक्का की फसल बर्बाद कर दी। किसानों ने नुकसान का सर्वे कर उचित मुआवजे की मांग की है।

चिचोली थाना क्षेत्र के सिंगसिंरई खापा में 16 वर्षीय छात्र विशाल परते की जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बैतूल कोतवाली पुलिस ने झाड़ेगांव में जुए के फड़ पर छापा मारकर 15 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से 90 हजार 500 रुपये नकद और ताश की गड्डी जब्त की है।

खेड़ी सांवलीगढ़ क्षेत्र के दिव्यांग, मानसिक बहुविकलांग और वृद्ध पेंशनधारियों ने कई महीनों से पेंशन नहीं मिलने की शिकायत करते हुए प्रशासन से शीघ्र भुगतान की मांग की है।

मुलताई के हथनापुर निवासी लकवाग्रस्त किसान पन्नालाल ने 14 वर्षों से भूमि रिकॉर्ड और जाति संबंधी त्रुटियां नहीं सुधरने पर जनसुनवाई में कलेक्टर से न्याय की गुहार लगाई है।

बैतूल के शासकीय कन्या महाविद्यालय में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत निःशुल्क पिंक ड्राइविंग लाइसेंस कैंप आयोजित किया गया, जिसमें छात्राओं को सड़क सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया गया।

कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में ब्लड उपलब्ध कराने के नाम पर अवैध वसूली करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

मुलताई के भगतसिंह वार्ड में पाइपलाइन कार्य के बाद सड़क समतल नहीं किए जाने से लगातार हादसे हो रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई और सड़क सुधार की मांग की है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि पेपर लीक के मामलों में दोषियों पर फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई होगी और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

#BetulNews #MadhyaPradesh #BreakingNews #BetulUpdates #MPNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *