पीबी-शब्द पोर्टल को प्रभावी बनाने पत्रकारों से संवाद, दूरदर्शन भोपाल में बैठक आयोजित

0
Instagram Post_20260806_141412_0000.jpg
दूरदर्शन केंद्र भोपाल में गुरुवार को पीबी-शब्द (PB-SHABD – Prasar Bharati Shared Audio Visuals for Broadcast and Dissemination) की हितधारक (Stakeholders’) बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य प्रदेश के समाचार पत्रों, डिजिटल मीडिया, वेब पोर्टलों एवं पत्रकारों से संवाद स्थापित कर पीबी-शब्द पोर्टल को और अधिक उपयोगी एवं प्रभावी बनाना था। इस दौरान पत्रकारों ने समाचार उपलब्धता, वेबसाइट की कार्यप्रणाली, कंटेंट एक्सेस, तकनीकी सुविधाओं तथा स्थानीय समाचारों के बेहतर समावेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
 
बैठक में पीबी-शब्द की महानिदेशक ममता वर्मा, ऋतु शुक्ला तथा पूजा पी. वर्धन, निदेशक समाचार, दूरदर्शन भोपाल सहित प्रसार भारती एवं दूरदर्शन के वरिष्ठ अधिकारियों ने पत्रकारों से विस्तार से चर्चा की। अधिकारियों ने मीडिया प्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि प्राप्त सुझावों पर सकारात्मक कार्रवाई कर पोर्टल को और अधिक सुविधाजनक बनाया जाएगा।
बैठक में पत्रकारों ने कहा कि छोटे एवं मध्यम समाचार पत्रों तथा डिजिटल मीडिया संस्थानों के लिए पीबी-शब्द एक महत्वपूर्ण मंच बन सकता है। यदि इसमें स्थानीय समाचारों की उपलब्धता, तेज़ अपडेट, आसान डाउनलोड सुविधा तथा उपयोगकर्ता-अनुकूल इंटरफेस को और मजबूत किया जाए तो इसका लाभ प्रदेश के हजारों मीडिया संस्थानों को मिलेगा।
इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि पीबी-शब्द प्रसार भारती का ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसके माध्यम से देशभर की समाचार सामग्री—वीडियो, फोटो, ऑडियो और टेक्स्ट—मीडिया संस्थानों को उपलब्ध कराई जाती है। इसका उद्देश्य विश्वसनीय एवं प्रमाणिक समाचार सामग्री को एक ही मंच पर उपलब्ध कराना है।
 
बैठक में उपस्थित पत्रकारों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार का सीधा संवाद मीडिया और प्रसार भारती के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करेगा तथा भविष्य में समाचारों के आदान-प्रदान को और अधिक प्रभावी बनाएगा। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने समूह छायाचित्र भी खिंचवाया।
 
#journalism #bhopalnews #MadhyaPradesh #NewsUpdate #mediaplatform #taptisamanvya

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *