बैतूल ज़िले की मुख्य ख़बरें 10/08/26
1. बैतूल जिले में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। 24 घंटों में बैतूल में 21.6 मिमी, शाहपुर में 57 मिमी, चिचोली में 51 मिमी और घोड़ाडोंगरी में 55 मिमी बारिश दर्ज हुई। जिले में अब तक 512.9 मिमी औसत बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग के अनुसार 14 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।
2.बैतूल बाजार पुलिस ने ग्राम सोहागपुर में छह महीने पहले हुई चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब एक लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
3.मुलताई के ताप्ती उद्गम क्षेत्र से कावड़ यात्रियों ने करीब 70 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर शिवधाम सालबर्डी पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। यात्रा के दौरान कई गांवों में कावड़ियों का स्वागत किया गया। आयोजन का उद्देश्य सामाजिक सद्भाव, पर्यावरण संरक्षण और सनातन संस्कृति का संदेश देना रहा।
4.मुलताई में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थल पर रेलिंग में तोड़फोड़ और कथित छेड़छाड़ की घटना के विरोध में क्षत्रिय लोणारी कुनबी और मराठा समाज ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। समाज ने दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
5. सावन मास के दूसरे सोमवार पर मुलताई में भगवान महादेव की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। हर-हर महादेव के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा नगर शिवमय हो गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने यात्रा में शामिल होकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक किए।
6. लगातार दो दिनों की बारिश के बाद रानीपुर रोड पर शर्मा पेट्रोल पंप के सामने जलभराव हो गया। सड़क पर पानी भरने से वाहन चालकों, खासकर दोपहिया चालकों को परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों ने पानी की तत्काल निकासी और समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।
7. मुलताई क्षेत्र के धामनगांव में पीला मोजेक रोग से प्रभावित करीब दो एकड़ सोयाबीन की फसल किसान चेतन चिल्हाटे ने नष्ट कर दी। फसल खराब होने के साथ धनिया के उचित दाम नहीं मिलने से भी किसान परेशान हैं।
8. बैतूल में कृषि विस्तार अधिकारियों ने ई-अटेंडेंस सहित विभिन्न मांगों को लेकर सरकार को 11 अगस्त तक का समय दिया है। संघ ने चेतावनी दी है कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो प्रदेशभर में अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल शुरू की जाएगी।
9. आठनेर के ग्राम नढ़ा के स्कूल में छात्राओं के लिए अलग शौचालय नहीं होने, रसोई भवन का निर्माण 14 साल से अधूरा रहने और बारिश में कमरों में पानी टपकने की समस्या सामने आई है। आम आदमी पार्टी ने शिक्षा विभाग को ज्ञापन सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की है।
10. बैतूल जिले में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत आयोजित शिविरों में 940 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई, जिनमें 482 महिलाओं को हाई रिस्क के रूप में चिन्हित किया गया। अभियान का उद्देश्य गर्भावस्था की जटिलताओं की समय पर पहचान, उपचार और सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करना है।
11. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में व्यापारी प्रकोष्ठ की बैठक ली। बैठक में विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की गई। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरूआ, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी और व्यापारी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक धीरज खण्डेलवाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
#BetulNews #MadhyaPradesh #MonsoonUpdate #MultaiNews #KisanNews #taptisamavya
