बैतूल जिले की प्रमुख खबरें 12/08/2026
बैतूल जिले की प्रमुख खबरें
1.बोरपानी में स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण
बैतूल के बोरपानी में 65 लाख रुपये की लागत से बने उप-स्वास्थ्य केंद्र आरोग्य भवन का विधायक हेमंत खंडेलवाल ने लोकार्पण किया। इससे ग्रामीणों को गांव के पास ही प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा मिल सकेगी।
2. महिलावाड़ी में मकान में लगी आग
मुलताई के महिलावाड़ी में एक मकान के पिछले हिस्से में अचानक आग लग गई। फायर टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। हादसे में फ्रिज, अनाज और घरेलू सामान जल गया।
3. ताप्ती जन्मोत्सव प्रतियोगिताओं के विजेता सम्मानित
मुलताई में मां ताप्ती जन्मोत्सव और नगर गौरव दिवस पर आयोजित निबंध, चित्रकला, रंगोली और वाद-विवाद सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
4. बैतूल में एड्स जागरूकता अभियान शुरू
जेएच कॉलेज बैतूल में राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के तहत सघन जागरूकता अभियान शुरू हुआ। अभियान 12 अगस्त से 12 अक्टूबर तक चलेगा। लोगों को एचआईवी जांच, बचाव और उपचार की जानकारी दी जाएगी।
5. सड़क हादसे में 27 वर्षीय युवक की मौत
बैतूल गंज क्षेत्र में बाइक और स्कूटी की टक्कर के बाद कार की चपेट में आने से 27 वर्षीय राजू विस्की की मौत हो गई। एक अन्य युवक घायल हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
6. करोड़ों का अस्पताल भवन अब भी बंद
भीमपुर के चिल्लौर में करोड़ों रुपये की लागत से बना अस्पताल भवन अब भी स्वास्थ्य सेवाएं शुरू होने का इंतजार कर रहा है। विभाग के अनुसार भवन हैंडओवर और कर्मचारियों की भर्ती सहित कुछ काम बाकी हैं।
7. घायल उल्लू को बचाया
भैंसदेही में हेमंत सावकर ने एक घायल उल्लू को संदिग्ध व्यक्ति के कब्जे से बचाकर वन विभाग को सौंपा। उल्लू के पंख पर चोट के निशान मिले हैं और उसका उपचार कराया जा रहा है।
8. पेंशन बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन
बैतूल कलेक्ट्रेट में बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगों ने पेंशन बढ़ाने और समय पर भुगतान की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सामान्य पेंशन 2 हजार और दिव्यांग पेंशन 3 हजार रुपये करने की मांग की।
9. स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों का जायजा
15 अगस्त को होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे ने पुलिस परेड ग्राउंड का निरीक्षण किया। अधिकारियों को समारोह की व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
10. चोरी का इनामी आरोपी गिरफ्तार
बैतूल के गंज थाना क्षेत्र में चोरी के मामले में फरार इनामी आरोपी सडडु उर्फ राजा को पुलिस ने भोपाल से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से करीब 3 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए।
#betulnews #betulsamachar #taptisamanvya #madhyapradeshnews #LocalNews
