उत्तर प्रदेश के देवरिया में तिरंगा यात्रा के दौरान बिगड़ी 40 छात्राओं की तबीयत
उत्तर प्रदेश के देवरिया में स्वतंत्रता दिवस से पहले गुरुवार को जिला प्रशासन की ओर से तिरंगा यात्रा आयोजित की गई। इसमें अलग-अलग स्कूलों के करीब 5 हजार छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
यात्रा सुबह करीब 11 बजे शुरू हुई। तेज गर्मी और धूप के बीच मार्च करते समय कई छात्राओं को चक्कर आने लगे। कुछ छात्राएं रास्ते में ही असहज महसूस करने लगीं, जबकि स्टेडियम पहुंचने के बाद कई छात्राएं बेहोश हो गईं।
स्थिति को देखते हुए स्टेडियम में कई एंबुलेंस पहुंचाई गईं और 40 से अधिक छात्राओं को महार्षि देवरहा बाबा स्वायत्तशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के इमरजेंसी विभाग में ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि छात्राओं की तबीयत गर्मी और लंबे समय तक धूप में रहने के कारण बिगड़ी थी।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर छात्राओं का हाल जाना। अधिकारियों के मुताबिक, सभी छात्राएं खतरे से बाहर हैं और उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार हो रहा है। कुछ छात्राओं को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी भी दी गई।
प्रशासन ने बताया कि यात्रा के दौरान गर्मी के कारण छात्राओं को परेशानी हुई। अधिकारियों ने लोगों से गर्मी में पर्याप्त पानी पीने और शरीर को हाइड्रेट रखने की अपील की है।
#DeoriaNews #UttarPradeshNews #TirangaYatra #independenceday #taptisamanvya
