गाजियाबाद में 10 क्विंटल रसगुल्ले नष्ट, छापे में गंदगी और केमिकल के इस्तेमाल का खुलासा
रक्षाबंधन से पहले गाजियाबाद के विजयनगर स्थित बिहारीपुरा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान बेहद अस्वच्छ माहौल में करीब 10 क्विंटल तैयार रसगुल्ले मिले, जिन पर मक्खियां और कीड़े दिखाई दिए। इस कार्रवाई के बाद मिठाई की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर सवाल उठे हैं।
खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में पनीर में स्टार्च मिलाकर छेना तैयार करने की बात सामने आई है। साथ ही रसगुल्लों को सफेद रखने और ज्यादा समय तक सुरक्षित रखने के लिए केमिकल के इस्तेमाल की आशंका जताई गई है। विभाग ने मौके से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेजे हैं।
कार्रवाई के दौरान करीब 10 क्विंटल रसगुल्लों को नष्ट कर दिया गया। वहीं, मिठाई तैयार करने वाले व्यक्ति के खाद्य लाइसेंस को निलंबित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। रक्षाबंधन को देखते हुए विभाग ने दूध, पनीर, मावा और मिठाइयों की जांच भी तेज कर दी है।
#GhaziabadNews #FoodSafety #Milawat #Rasgulla #taptisamanvya
