कूड़ा उठाने को लेकर विवाद ने लिया हंगामे का रूप, घर के बाहर पलटी कचरे से भरी गाड़ी
शहर के सदर थाना क्षेत्र की कृष्ण धाम कॉलोनी में सोमवार को कूड़ा उठाने को लेकर विवाद के बाद जमकर हंगामा हो गया। जानकारी के मुताबिक, कॉलोनी निवासी फौजी सुरेंद्र और सफाई कर्मचारियों के बीच कूड़ा उठाने को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने के बाद सफाई कर्मचारियों ने कूड़े से भरी गाड़ी सुरेंद्र के मकान के मुख्य दरवाजे के बाहर पलटा दी।
गाड़ी पलटने से सड़क पर कचरे का ढेर लग गया और आसपास रहने वाले लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। अचानक हुए इस घटनाक्रम से कॉलोनी में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। बाद में सड़क पर पड़ा कूड़ा हटवाया गया।
वहीं, सफाई कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि ड्यूटी के दौरान उनके साथ लगातार अभद्रता और मारपीट की घटनाएं हो रही हैं। कर्मचारियों ने पुलिस अधिकारियों से सुरेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की। मौके पर कर्मचारियों ने विरोध जताते हुए नारेबाजी भी की।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दोनों पक्षों के आरोपों और उपलब्ध जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।