उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार को एक दर्दनाक विमान हादसा हुआ। ट्रेनिंग सेंटर से उड़ान भरने के करीब 20 मिनट बाद वापसी के दौरान ट्विन इंजन ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट नत्था पुरवा गांव के पास गंगा किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार दोनों पायलटों की जान चली गई।
मृतकों की पहचान गुजरात निवासी इंस्ट्रक्टर सचिन भाटिया और कर्नाटक निवासी ट्रेनी पायलट अभिषेक पुजारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे से पहले विमान में जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद वह अनियंत्रित होकर जमीन पर जा गिरा। दुर्घटना के बाद मौके पर मलबा और धुआं दिखाई दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और इलाके को घेर लिया। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर पहुंच गए। फिलहाल विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है। तकनीकी खराबी समेत अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है।