नेपाल में आई बाढ़ के तेज बहाव में बहकर हाथियों का एक झुंड उत्तर प्रदेश के बहराइच के कैलाशपुरी बैराज क्षेत्र तक पहुंच गया। झुंड में 3 वयस्क हाथी और 2 शावक, यानी कुल 5 हाथी शामिल थे। तेज पानी के बीच शावक बहने लगे तो उन्हें बचाने के लिए बड़े हाथी भी उनके पीछे पानी में उतर गए।
मामले की सूचना मिलने के बाद वन विभाग और सिंचाई विभाग की टीमें तुरंत सक्रिय हुईं। तेज बहाव को नियंत्रित करने के लिए बैराज के गेट बंद किए गए, जिससे पानी की रफ्तार कम हुई। इसके बाद वयस्क हाथियों ने शावकों को सुरक्षित संभाल लिया।
बाद में वन विभाग की टीम ने हांका लगाकर पूरे झुंड को बैराज क्षेत्र से हटाया और जंगल की ओर भेज दिया। हाथियों के सुरक्षित बचने की खबर से लोगों ने राहत की सांस ली। सोशल मीडिया पर भी रेस्क्यू टीम की तत्परता और वन्यजीवों को बचाने की कोशिश की सराहना की जा रही है।