रक्षाबंधन से पहले सड़कों पर उमड़ा सैलाब, नोएडा-गाजियाबाद में घंटों जाम
रक्षाबंधन के चलते गुरुवार को नोएडा और गाजियाबाद में ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित रही। त्योहार से पहले बड़ी संख्या में लोग अपने घरों की ओर रवाना हुए, जिससे प्रमुख सड़कों और एक्सप्रेसवे पर वाहनों की संख्या बढ़ गई। बारिश ने भी स्थिति को और चुनौतीपूर्ण बना दिया।
नोएडा एक्सप्रेसवे, सेक्टर-62 और 63, सेक्टर-37, परी चौक, एफएनजी एक्सप्रेसवे, चिल्ला बॉर्डर, कालिंदी कुंज और डीएनडी फ्लाईओवर पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भी कई जगह लंबी कतारें देखने को मिलीं।
जाम के कारण यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सामान्य से कई गुना ज्यादा समय लगा। एक यात्री ने बताया कि करीब 20 किलोमीटर की दूरी तय करने में उसे तीन घंटे तक लग गए। सोशल मीडिया पर वायरल हुए ट्रैफिक के वीडियो पर लोगों ने अपनी परेशानी साझा की। किसी ने वर्क फ्रॉम होम को समाधान बताया, तो किसी ने घंटों वाहनों में फंसे लोगों की स्थिति पर चिंता जताई।
त्योहार पर परिवार से मिलने की उम्मीद लेकर निकले लोगों के लिए सफर लंबा और थकाऊ बन गया। लोगों ने भविष्य में ऐसे त्योहारों के दौरान बेहतर ट्रैफिक मैनेजमेंट और वैकल्पिक मार्गों की जानकारी पहले से उपलब्ध कराने की जरूरत बताई।
#NoidaTraffic #GhaziabadTraffic #RakshaBandhan #TrafficUpdate #taptisamanvya
