भारतीय रेल में परिवार के साथ सफर कर रहे एक यात्री का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। यात्री ने आरोप लगाया कि पास बैठे कुछ सहयात्री ट्रेन में शराब पी रहे थे। परिवार और बच्चों के साथ यात्रा कर रहे यात्री ने इस पर आपत्ति जताते हुए पुलिसकर्मियों से हस्तक्षेप की मांग की।
वायरल वीडियो में यात्री शराब की बोतलों की ओर इशारा करते हुए कहता है कि पूरी घटना उसके कैमरे में रिकॉर्ड हो चुकी है। वह पुलिस से शराब जब्त करने और जरूरत पड़ने पर उसकी सीट बदलने की गुहार लगाता है। यात्री ने कहा कि उसकी बेटी भी वहीं बैठी है और इस माहौल में परिवार असहज महसूस कर रहा है।
पुलिसकर्मी ने यात्री से लिखित शिकायत देने को कहा। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। कई यूजर्स ने परिवार के साथ यात्रा कर रहे यात्री का समर्थन किया और रेलवे में ऐसे मामलों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। कुछ लोगों ने आरपीएफ और जीआरपी की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए।
रेलवे यात्रा के दौरान यात्रियों से अनुशासन बनाए रखने और दूसरे यात्रियों को परेशानी न पहुंचाने की अपेक्षा की जाती है। शराब के सेवन के साथ नशे में उपद्रव या अभद्र व्यवहार करने पर कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।