हैदराबाद में बस में छूटे हज के 3 लाख, लेडी कंडक्टर ने लौटाकर जीता भरोसा
हैदराबाद में एक लेडी कंडक्टर ने ईमानदारी और जिम्मेदारी की मिसाल पेश करते हुए यात्री के 3 लाख रुपये सुरक्षित वापस लौटा दिए। शादनगर निवासी जहांगीर अपनी पत्नी के साथ हज यात्रा की तैयारी के लिए लंबे समय से जमा किए गए करीब 3 लाख रुपये लेकर बस से हैदराबाद पहुंचे थे। अफजलगंज में बस से उतरने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि पैसों से भरा बैग सीट पर ही छूट गया है।
इधर बस में बैग मिलने पर लेडी कंडक्टर सरिता ने उसे खोलकर देखा तो उसमें 500 रुपये की कई गड्डियां थीं। उन्होंने तुरंत ड्राइवर नरसिम्हुलु को इसकी जानकारी दी और बैग को सुरक्षित रख लिया। कुछ देर बाद जहांगीर अपने पैसे तलाशते हुए वापस पहुंचे। कर्मचारियों ने पहले उनसे बैग और उसमें मौजूद रकम से जुड़ी जानकारी पूछकर पुष्टि की। सही जानकारी मिलने के बाद सरिता ने पूरी 3 लाख रुपये की रकम गिनकर जहांगीर को सौंप दी।
अपनी मेहनत की कमाई और हज के लिए बचाए पैसे वापस मिलने पर जहांगीर भावुक हो गए। लेडी कंडक्टर सरिता और ड्राइवर नरसिम्हुलु की इस ईमानदारी की तेलंगाना के परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने भी सराहना की। यह घटना बताती है कि आज भी ईमानदारी और इंसानियत लोगों के बीच कायम है।
#HyderabadNews #TelanganaNews #Honesty #ViralNews #taptisamanvya
