बैतूल जिले की प्रमुख खबरें 07/09/26
बैतूल जिले की आज की प्रमुख खबरें
1. बैतूल-महाराष्ट्र सीमा से लगे इलाकों में शेर की मौजूदगी की सूचना के बाद पुलिस और वन विभाग ने संयुक्त अभियान चलाया। आठनेर के दाभोना में वन्यप्राणी दिखाई देने का वीडियो सामने आया था। कार्रवाई के बाद शेर को सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया गया, जिससे सीमावर्ती गांवों के लोगों ने राहत की सांस ली।
2. बैतूल में भाजपा की जिला कार्यसमिति बैठक और सेवा संकल्प अभियान की कार्यशाला आयोजित हुई। प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कार्यकर्ताओं को अभियान की जानकारी दी और संगठन के कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा।
3. बैतूल के मोरखा में रुकवती की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति प्रहलाद सरियाम को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार चरित्र पर शक को लेकर दोनों के बीच विवाद होता था। आरोप है कि हत्या के बाद शव को फंदे पर लटकाकर घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।
4. बोरदेही थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर 70 वर्षीय बुजुर्ग पर जानलेवा हमला किया गया। आरोप है कि बेटे और बहू ने मारपीट के बाद उन्हें कुएं में धक्का दे दिया। बुजुर्ग रस्सी के सहारे लटके रहे और बाद में ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाला। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
5. मुलताई पुलिस ने एनएच-47 स्थित अपना ढाबा के पीछे जुआ खेल रहे सात लोगों को पकड़ा। कार्रवाई के दौरान मौके से 4 हजार 500 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए गए। पुलिस ने जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की है।
6. मुलताई के प्रसिद्ध ताप्ती मंदिर में अचानक एक स्कूटी अनियंत्रित होकर परिसर में जा घुसी। बताया जा रहा है कि स्कूटी पर मौजूद छोटे बच्चे ने गलती से एक्सीलेटर दे दिया था। घटना से श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन गनीमत रही कि कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।
7. बैतूल के आमला क्षेत्र में खनिज विभाग ने अवैध मुरूम परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो ट्रैक्टर जब्त किए। दोनों वाहनों को पुलिस चौकी बोड़खी की अभिरक्षा में रखा गया है। वाहन मालिकों और चालकों के खिलाफ नियमानुसार प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
8. खेड़ी सांवलीगढ़ में ताप्ती नदी के घाट स्थित मोक्षधाम तक जाने वाला रास्ता बारिश के बाद बेहद खराब हो गया है। कीचड़ और बदहाल सड़क के कारण अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर पहुंचना मुश्किल हो रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से रास्ते की मरम्मत और सुरक्षित शेड बनाने की मांग की है।
9. बैतूल कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे ने उत्कृष्ट प्री-मैट्रिक छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई और करियर को लेकर बातचीत की और उन्हें लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने लाइब्रेरी की व्यवस्थाएं देखीं और छात्रों के साथ रात्रि भोजन भी किया।
#BetulNews #MultaiNews #BetulPolice #CrimeNews #BJPBetul #WildlifeNews #MadhyaPradesh #taptisamanvya
